MP के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सरकार ने 267.70 करोड़ का सरचार्ज माफ किया
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्यप्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के तहत बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है. अब तक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 5 लाख 58 हजार 598 बकायादार उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया है. इन उपभोक्ताओं द्वारा 553 करोड़ 90 लाख रुपये की मूल राशि जमा की गई, जबकि 267 करोड़ 70 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया गया है.
‘उपभोक्ता आखिरी मौके का लाभ उठाएं’
योजना का द्वितीय एवं अंतिम चरण 1 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी 2026 तक लागू है. इस चरण में तीन माह से अधिक अवधि के बकायादार उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर 70 से 90 प्रतिशत तक सरचार्ज में छूट दी जा रही है. किस्तों में भुगतान करने पर 50 से 60 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है. कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने अपील की है कि जो उपभोक्ता पहले चरण में शामिल नहीं हो सके, वे अब अंतिम अवसर का लाभ उठाएं और एकमुश्त भुगतान कर अधिकतम 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी प्राप्त करें.
योजना की प्रमुख बातें
- योजना 3 माह से अधिक समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए लागू.
- 28 फरवरी 2026 तक पंजीयन और भुगतान का अवसर.
- एकमुश्त भुगतान पर अधिकतम 90% तक सरचार्ज छूट.
- किस्तों में भुगतान पर 50–60% तक सरचार्ज माफी.
- घरेलू व कृषि उपभोक्ता कुल बकाया का 10% जमा कर पंजीयन करा सकते हैं.
- गैर-घरेलू व औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए 25% पंजीयन राशि निर्धारित.
उपाय ऐप से मिलेगी बड़ी सुविधा
योजना के तहत पंजीयन के लिए उपभोक्ता portal.mpcz.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा “उपाय” मोबाइल ऐप, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भी सुविधा उपलब्ध है. समाधान योजना उन उपभोक्ताओं के लिए राहत बनकर सामने आई है, जो बढ़ते सरचार्ज के कारण मूल बकाया जमा नहीं कर पा रहे थे. सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को बकाया भुगतान के लिए प्रोत्साहित कर विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है. बिजली वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम चरण है, इसलिए उपभोक्ता समय सीमा से पहले पंजीयन और भुगतान कर योजना का लाभ अवश्य लें.