MP News: शिवपु‍री में दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया पुरानी रंजिश का आरोप

MP News: एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
Lawyer shot dead in Shivpuri

शिवपुरी में वकील की गोली मारकर हत्या

MP News: शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई. एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह वारदात करैरा इलाके में किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई. मृतक घिरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार के निवासी थे. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल थे या किसी वाहन से आए थे.

बताया जा रहा है कि घटना के कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे एक अन्य वकील ने सड़क पर पड़े संजय सक्सेना को देखा. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

पु‍रानी रंजिश के चलते हुई हत्या

मृतक के भाई एडवोकेट कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते कराई गई है. उनके मुताबिक संजय सक्सेना ने गांव सिगदाऊआ में किशोरी जाटव की जमीन का केस लड़ा था, जिसमें जीत मिली थी. इसके बाद से कुछ लोग उन्हें लगातार धमकियां दे रहे थे कि वे आगे उनके खिलाफ कोई केस न लड़ें. इसके बावजूद वे मिठुआ जाटव के पक्ष में एक अन्य जमीन विवाद का मामला देख रहे थे, जिसमें शिक्षक कमलेश शर्मा का नाम सामने आ रहा है.

केस से हटने और समझौते का था दबाव

परिजनों का आरोप है कि कमलेश शर्मा लगातार केस से हटने या समझौता करने का दबाव बना रहे थे. गांव के एक व्यक्ति ने यह भी बताया था कि आरोपी पक्ष ने 12 लाख रुपये देकर हत्या कराने की बात कही थी. परिवार ने यह भी कहा कि आरोपियों से चुनावी रंजिश भी चल रही थी और कुछ महीने पहले उनकी जमीन की मूंगफली की फसल उजाड़ दी गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित हमले का प्रतीत हो रहा है.

घटना से नाराज अभिभाषक संघ ने सख्त रुख अपनाया है. संघ के सचिव राम नरेश तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो सोमवार से न्यायालय का कामकाज बंद कर हड़ताल की जाएगी और थाने के बाहर धरना भी दिया जाएगा.

ये भी पढे़ं-  इंदौर में ट्रेडिंग कारोबारी से लूट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी पुलिस जवानों को नौकरी से किया बर्खास्‍त

ज़रूर पढ़ें