JEE Main 2026: इंदौर के रिद्धेश बेंडाले बने एमपी स्‍टेट टॉपर, गर्ल्‍स में अनुष्‍का अग्रवाल अव्वल, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई

JEE Main 2026: रिद्धेश ने 99.992186 पर्सेंटाइल स्कोर कर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है. वहीं, इंदौर की अनुष्का अग्रवाल 99.96 पर्सेंटाइल के साथ स्टेट गर्ल्स टॉपर बनी हैं.
JEE Main MP Topper

जेईई मेन एमपी टॉपर रिद्धेश बेंडाले और अनुष्‍का अग्रवाल

JEE Main 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2026 के पहले सत्र का परिणाम घोषित कर दिया है. इस बार मध्य प्रदेश से कोई भी अभ्यर्थी 100 पर्सेंटाइल हासिल नहीं कर सका, लेकिन इंदौर के रिद्धेश बेंडाले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है. रिद्धेश ने 99.992186 पर्सेंटाइल स्कोर कर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है. वहीं, इंदौर की अनुष्का अग्रवाल 99.96 पर्सेंटाइल के साथ स्टेट गर्ल्स टॉपर बनी हैं.

सीएम मोहन यादव ने टॉपर्स को दी बधाई

जेईई मेन 2026 का परिणाम घोषित होने पर सीएम मोहन यादव ने दोनों ही टॉपर्स को बधाई दी है. सीएम यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्‍ट कर लिखा JEE Main परीक्षा में सफल होने वाले प्रदेश के सभी परिश्रमी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई. इंदौर के रिद्धेश बेंडाले को प्रदेश में प्रथम स्थान और अनुष्का अग्रवाल को ‘स्टेट गर्ल्स टॉपर’ बनने पर विशेष बधाई. आप सभी के उज्जवल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं.

फिजिक्‍स ओलम्पियाड में जीता था गोल्‍ड

रिद्धेश का शैक्षणिक रिकॉर्ड पहले से ही बेहद प्रभावशाली रहा है. उन्होंने वर्ष 2025 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित 55वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलम्पियाड में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. उनकी इस उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उनकी सराहना की थी. जेईई मेन के इस परिणाम ने एक बार फिर उनकी मेहनत और प्रतिभा को साबित कर दिया है.

मध्‍य प्रदेश के टाॅप रैंकर

मध्‍य प्रदेश में जेईई मेन में विद्यार्थीयों ने अच्‍छा प्रदर्शन किया. इसमें इंदौर के रिद्धेश बेंडाले ने 99.99 पर्सेंटाइल, अनुष्का अग्रवाल ने 99.96 पर्सेंटाइल, श्रेयांश जोशी 99.95 पर्सेंटाइल, गौतम भट्ट 99.94 पर्सेंटाइल, एकलव्य जाट 99.92 पर्सेंटाइल, शार्विल शर्मा 99.91 पर्सेंटाइल हासिल किए. वहीं भोपाल के श्रेयांश जैना ने 99.9 पर्सेंटाइल, तनिष्‍क शुक्‍ला ने 99.90 पर्सेंटाइल, तनिष्‍क सिंघल ने 99.92 पर्सेंटाइल, अर्ष जैन ने 99.92 पर्सेंटाइल और अनाया रेवकार ने 99.67 पर्सेंटाइल हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है.

जेईई मेन 2026 इंडिया टॉपर्स

जेईई मेन 2026 में देशभर के 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल प्राप्‍त किए हैं. इसमें दिल्‍ली(एनसीटी) के श्रेयस मिश्रा, आंध्र प्रदेश के नरेंद्रबाबू गारी मथीथ और पसला मोहित, बिहार के शुभम कुमार, राजस्‍थान के कबीर छिल्‍लर, चिरंजीब कर और अर्णव गौतम, ओडिशा के भावेश पत्र, हरियाणा के अनय जैन, महाराष्ट्र के माधव विरडिया, गुजरात के पुरो‍हित निमय और तेलंगाना के विवान शरद महिश्वरी लिस्‍ट में शामिल हैं.

ये भी पढे़ं- JEE Main 2026 का रिजल्ट जारी, युग माहेश्वरी बने छत्तीसगढ़ स्टेट टॉपर, दिल्ली के श्रेयस मिश्रा ने किया टॉप

ज़रूर पढ़ें