Punjab: तरन तारन में शादी समारोह के दौरान AAP सरपंच की गोली मारकर हत्या, भाई की हालत गंभीर
सरपंच हरपिंदर सिंह
AAP Sarpanch Murder Case: पंजाब के तरन तारन जिले में एक शादी समारोह के दौरान सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के सरपंच हरपिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके चचेरे भाई को भी गोली लगने से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना बुधवार को सिद्धू फार्म में आयोजित पारिवारिक शादी समारोह के दौरान हुई.
डांस के दौरान पेट और सिर में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, गांव ठठियां महंता के सरपंच हरपिंदर सिंह अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ स्टेज पर नाच रहे थे, तभी भीड़ में से एक युवक आगे आया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने उनके पेट और सिर में कई गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हमलावर के पास थे एके-47 जैसा हथियार
बताया जा रहा है कि घटना के समय चार हमलावर मौजूद थे, जिनमें से एक के पास एके-47 जैसा हथियार था. फायरिंग के बाद जब उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी. उनके पेट में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मौके से फरार हुए आरोपी
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. बताया जाता है कि सरपंच के दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 8 और 11 साल है.
ये भी पढे़ं- अजित पवार प्लेन क्रैश हादसे में AAIB ने किया बड़ा खुलासा, पूरी तरह खाक हुए ब्लैक बॉक्स, एक्सपर्ट भी हैरान