MP Weather Update: एमपी में सर्दी और रेनफॉल का डबल अटैक! 17 जिलों में बारिश से बढ़ी ठंड, जानिए आपके शहर के मौसम का हाल
बारिश (फाइल इमेज)
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. राज्य के 17 जिलों में शुक्रवार (20 फरवरी) को बारिश दर्ज की गई. प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में बादल छाए जा रहे. बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन की कारण अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा.
इन जिलों में हुई बारिश
एमपी की सबसे ज्यादा बारिश उज्जैन में 24 मिमी दर्ज की गई. इसके साथ ही शाजापुर, देवास, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, झाबुआ, इंदौर, भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, सागर, छतरपुर, पन्ना और सतना में बारिश हुई. वहीं, सीहोर में 41 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.
पिछले 24 घंटे में मौसम कैसा रहा?
पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश के रीवा, सागर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में बारिश हुई. चंबल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई.
कल्याणपुर सबसे ठंडा शहर रहा
शहडोल जिले का कल्याणपुर मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा. यहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया. उमरिया में 12.4 डिग्री, राजगढ़ में 12.5 डिग्री, दतिया में 12.6 डिग्री, अनूपपुर जिले का अमरकंटक और रीवा में मिनिमम टेम्प्रेचर 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. जबलपुर में 15 डिग्री, भोपाल में 16.2 डिग्री, इंदौर में 16.4 डिग्री और उज्जैन में 16.5 डिग्री सेल्सियस निम्नतम तापमान रहा. खरगोन में सर्वाधिक तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
- मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, सतना, रीवा समेत 20 जिलों में आंधी के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
- रायसेन, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, अशोकनगर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
- भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार है.
22 फरवरी को हिमालयी क्षेत्रों से एक पश्चिमी विक्षोभ और टकराएगा, जिसका असर मध्य प्रदेश पर देखने को मिलेगा.