योगी सरकार का सिंगापुर में AI SATS के साथ MoU, नोएडा एयरपोर्ट पर बनेंगे कार्गो हब और एयर कैटरिंग यूनिट
सीएम योगी सिंगापुर में निवेशकों के साथ
CM Yogi Singapore Visit: सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विमानन सेवा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एआई सैट्स (AI SATS) के साथ अहम समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए. इस करार के तहत नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो बड़ी परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें एक अत्याधुनिक कार्गो टर्मिनल और विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचन शामिल हैं. इन परियोजनाओं में करीब 4458 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है.
उत्तर भारत को मिलेगा बड़ा लॉजिस्टिक्स हब
प्रस्तावित कार्गो परिसर के निर्माण से नोएडा एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए हवाई लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा. इससे आयात-निर्यात गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी. खासतौर पर इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा. एयरपोर्ट को मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना है, ताकि यह वैश्विक व्यापार के लिहाज से एक महत्वपूर्ण रणनीतिक हब बन सके.
एयर कैटरिंग किचन से मजबूत होगा फूड सप्लाई नेटवर्क
इसके साथ ही एयर कैटरिंग किचन की स्थापना से उच्च गुणवत्ता वाला भोजन तैयार कर विभिन्न हवाई अड्डों तक पहुंचाया जाएगा. यह सुविधा केवल नोएडा एयरपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उत्तर भारत के अन्य एयरपोर्ट्स को भी सेवाएं प्रदान करेगी. इससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और सप्लाई चेन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
यात्रियों को मिलेगी बेहतर जमीनी परिवहन सुविधा
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने मैन फ्लीट पार्टनर्स लिमिटेड के साथ भी करार किया है. इसके तहत किराये की कार सेवा, टर्मिनल के भीतर बस शटल, प्रीमियम पिक-अप और ड्रॉप सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही परी चौक, बॉटनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच बस सेवाएं संचालित होंगी. भविष्य में इन परिवहन सुविधाओं का दायरा और भी विस्तारित करने की योजना है.
ये भी पढे़ं- केरल नहीं अब केरलम कहा जाएगा, सेवा तीर्थ कैबिनेट मीटिंग में नाम बदलने को लेकर लिया गया फैसला