MP News: इजरायल–ईरान युद्ध के बीच दुबई-शारजाह में फंसे MP के नागरिक, जीतू पटवारी ने PM से लगाई गुहार
जीतू पटवारी ने पीएम से की अपील
MP News: इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब भारतीय यात्रियों पर भी दिखने लगा है. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया है कि दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश के 100 से अधिक नागरिक फंसे हुए हैं.
जीतू पटवारी ने पोस्ट पर क्या लिखा?
पटवारी ने अपने पोस्ट में लिखा कि इजरायल–ईरान युद्ध की स्थिति के कारण कई उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं, जिससे महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री कई घंटों से एयरपोर्ट पर असुविधा का सामना कर रहे हैं. फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है.
दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश के 100 से अधिक नागरिक इजराइल ईरान युद्ध की स्थिति के कारण फंसे हुए हैं।
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) March 1, 2026
महिलाएं, बच्चे और परिजन कई घंटों से असुविधा में हैं और उनकी फ्लाइट निरस्त होने के बाद चिंता की स्थिति और बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री @narendramodi से आग्रह है कि तत्काल…
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है. उन्होंने आग्रह किया कि मध्य प्रदेश के नागरिकों सहित सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था की जाए.
सरकार को तुरंत कदम उठाना चाहिए
पटवारी ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कदम उठाने चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार विदेशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक राजनयिक और प्रशासनिक प्रयास करेगी.
ये भी पढ़ें-Indore News: Israel-Iran War के बीच दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक, X पोस्ट पर कही ये बात
सरकार की तरफ से कोई बयान नहीं आया
हालांकि इस संबंध में अब तक केंद्र सरकार या विदेश मंत्रालय की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़े असर और खाड़ी क्षेत्र में बढ़े सुरक्षा अलर्ट के बीच परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है.