Jaipur Indore Flight: जयपुर–इंदौर इंडिगो फ्लाइट कैंसिल, यात्रियों को मिलेगी रिबुकिंग की सुविधा, ये है उड़ान रद्द होने की वजह

Indore Jaipur Flight Cancelled: अधिकारियों ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट पर इन दिनों रनवे मेंटेनेंस का कार्य जारी है, जिसके कारण कुछ उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है. सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया.
indigo_flights

इंडिगो एयरलाइंस (फाइल इमेज)

Indore Jaipur Flight Cancelled: इंदौर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली जयपुर–इंदौर इंडिगो फ्लाइट को अचानक रद्द कर दिया गया है. एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार यह फैसला रनवे की मरम्मत कार्य के चलते लिया गया है. फ्लाइट नंबर 6E-7148/7274, जो रात 10:05 बजे जयपुर से इंदौर पहुंचती है और सुबह 6:35 बजे इंदौर से जयपुर के लिए रवाना होती है, फिलहाल कैंसिल कर दी गई है.

सुरक्षा मानकों का रखा गया ध्यान

अधिकारियों ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट पर इन दिनों रनवे मेंटेनेंस का कार्य जारी है, जिसके कारण कुछ उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है. सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान निरस्त की गई है.

यात्रियों को मिलेगी रिबुकिंग की सुविधा

फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. हालांकि, इंडिगो एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को रीबुकिंग का विकल्प उपलब्ध कराया है. यात्रियों को दिन की अन्य फ्लाइट्स में शिफ्ट किया जा रहा है ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकें. कुछ यात्रियों ने अचानक हुई रद्दीकरण की सूचना पर नाराजगी भी जताई, लेकिन एयरलाइन की ओर से उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था का भरोसा दिया गया है.

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि रनवे की मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. इस दौरान सीमित समय में ही उड़ानों का संचालन संभव हो पा रहा है. ऐसे में देर रात और तड़के सुबह की कुछ उड़ानों को प्रभावित होना पड़ा है.

ये भी पढ़ें: MP News: होली पर ग्वालियर पुलिस का गिफ्ट! 500 लोगों को वापस किए 1.33 करोड़ के गुम हुए मोबाइल

एरयपोर्ट पहुंचने से पहले चेक करें स्टेटस

यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि कर लें. इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, कस्टमर केयर या संबंधित ट्रैवल एजेंट के माध्यम से अपडेट प्राप्त किया जा सकता है. रनवे मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद उड़ानों का नियमित संचालन बहाल होने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों के जरिए गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.

ज़रूर पढ़ें