MP Panchayat by-poll: नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनावों का ऐलान, EVM से होगी वोटिंग, ये है पूरा शेड्यूल

MP Panchayat By-Poll: मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग ने पंचायत और नगरीय निकायों के उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. 29 सितंबर को वोटिंग होगी. पहली बार ईवीएम के जरिए वोट डाले जाएंगे.
panchayat and urban body by election

पंचायत और नगरीय निकाय उपचुनाव का ऐलान

MP Panchayat By-Poll: मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने शेड्यूल जारी कर दिया है. 29 सितंबर को वोट डाले जाएंगे. सरपंचों के 110 और पंचों के 4090 पदों के लिए मतदान होगा. इसके साथ ही तीन नगरीय निकाय अध्यक्षों समेत 26 पार्षदों के लिए वोटिंग होगी.

पहली बार EVM से वोटिंग की जाएगी

पंचायत और नगरीय निकायों के उपचुनाव के लिए पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से वोटिंग की जाएगी. नगरीय निकायों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. पंचायतों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा. नगरीय निकायों की मतगणना और परिणाम 3 अक्तूबर को जारी किए जाएंगे. जिसके रूझान सुबह 9 बजे से आने शुरू होंगे.

पंचायतों में पंच पद के लिए वोटों की गिनती मतदान के तुरंत बाद केंद्र पर ही की जाएगी. वहीं, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य की मतगणना 3 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से होगी. जिला पंचायत सदस्य और पंच पद के परिणाम 5 अक्टूबर सुबह 10.30 बजे घोषित होंगे.

उपचुनाव का शेड्यूल

  • 8 सितंबर 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी.
  • 15 सितंबर तक नामांकन भरे जाएंगे.
  • 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी.
  • नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 18 सितंबर है, इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे.
  • 29 सितंबर को मतदान होगा.

कहां होंगे उपचुनाव?

आगर मालवा की सुसनेर नगर परिषद, टीकमगढ़ नगर पालिका और धार की कुक्षी नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होगा. इंदौर, ग्वालियर, सागर, कटनी, खंडवा, दमोह, नर्मदापुरम, बैतूल, दतिया, अनूपपुर, सीहोर, विदिशा और धार जिलों के पार्षदों के लिए वोटिंग होगी.

ज़रूर पढ़ें