MP Weather Update: मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी, एमपी में पारा 39 डिग्री पार; अगले चार दिन और बढ़ेगा तापमान

MP Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर प्रदेश में 15 मार्च के बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होता है, लेकिन इस साल मौसम का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है.
Weather

मौसम समाचार

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. तापमान में अचानक बढ़ोतरी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है. गुरुवार को नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है.

मार्च की शुरुआत में ही बढ़ा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर प्रदेश में 15 मार्च के बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होता है, लेकिन इस साल मौसम का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है. मार्च के दूसरे पखवाड़े की बजाय महीने की शुरुआत में ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के शहरों में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है.

कई शहरों में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा

गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया. पांच बड़े शहरों में से इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि भोपाल में 34.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

नर्मदापुरम सबसे गर्म शहर रहा

प्रदेश में नर्मदापुरम सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री तक पहुंच गया. इसके अलावा छतरपुर के खजुराहो में 36.8 डिग्री, धार में 36.6 डिग्री, दमोह, सागर और श्योपुर में 36.4 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री तथा गुना और टीकमगढ़ में करीब 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं शाजापुर, मंडला और सतना में तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक रहा, जबकि रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है और कई जगह न्यूनतम तापमान 18 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है.

अगले चार दिन में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है.

अप्रैल-मई में लू चलने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फिलहाल मार्च में लू चलने की संभावना नहीं है. इस साल लू का असर अप्रैल और मई के महीनों में ज्यादा देखने को मिल सकता है. अनुमान है कि इन दोनों महीनों में करीब 15 से 20 दिनों तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है, जबकि मार्च के शुरुआती दिनों में केवल तापमान बढ़ने का ट्रेंड बना रहेगा.

ये भी पढे़ं- MP News: एमपी में वन मंजूरी में देरी से 48 सड़क परियोजनाएं अटकीं, कैग रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

ज़रूर पढ़ें