MP News: BJP में एल्डरमैन नियुक्ति पर संशय, सभी जिलाध्यक्षों से 3-3 दावेदारों के नामों का पैनल मांगा
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश भाजपा में एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. पार्टी ने प्रदेश के सभी 62 जिलाध्यक्षों से दोबारा 3-3 दावेदारों के नामों का पैनल मांगा है. हालांकि नियुक्तियों में देरी के चलते संभावित एल्डरमैन को अब केवल 8 महीने का ही कार्यकाल मिल पाएगा, जिससे दावेदारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
दावेदारों को आशंका है कि यदि वे एल्डरमैन बनते हैं तो आगामी नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद टिकट मिलने में बाधा आ सकती है. यही वजह है कि कई संभावित उम्मीदवार पसोपेश में हैं. भाजपा हाईकमान ने अगले सप्ताह इन नामों की स्क्रूटनी करने का निर्णय लिया है.
बड़े शहरों में 12-12 एल्डरमैन
प्रदेश के प्रमुख नगर निगमों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में आबादी के आधार पर 12-12 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे. वहीं अन्य एक दर्जन नगर निगमों में 8-8 एल्डरमैन बनाए जाने का प्रावधान है. इसके अलावा नगर पालिकाओं में 6 और नगर परिषदों में 4-4 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे.
संगठन में असंतोष रोकने की कोशिश
पार्टी नेतृत्व इस प्रक्रिया के जरिए संगठन में संतुलन और असंतोष को कम करना चाहता है. वरिष्ठ नेताओं और पूर्व विधायकों को जिलों का प्रभार देकर आम सहमति बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में कोर ग्रुप बैठकों के जरिए लंबित मामलों को सुलझाया जा रहा है.
चुनाव तक ही रहेगा कार्यकाल
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जून-जुलाई 2027 में नगरीय निकाय चुनाव संभावित हैं. ऐसे में एल्डरमैन का कार्यकाल सीमित रहेगा, जो दावेदारों के लिए चिंता का विषय है. भाजपा नेताओं के मुताबिक, 29 मार्च को कोर ग्रुप की बैठक के बाद एल्डरमैन की नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है. जिलाध्यक्षों का कहना है कि वे जल्द ही नामों के पैनल भेज देंगे और अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा.
ये भी पढे़ं: PM-E Drive Scheme: MP के 8 शहरों में बनेंगे EV चार्जिंग स्टेशन, ई-बसों के लिए 63.22 करोड़ की स्वीकृति