MP में गैस संकट के बीच जनता को बड़ी राहत, 5 दिन में देना होगा PNG कनेक्शन, 24 घंटे में मिलेगी पाइप लाइन बिछाने की परमिशन
File Photo
MP News: मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण मध्य प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर की दिक्कत हो रही है. गैस संकट के बीच सरकार ने जनता को बड़ी राहत दी है. सरकार ने निर्देश दिए हैं कि अब गैस डिस्ट्रीब्यूशन संस्थाओं को अब 24 घंटे के अंदर ही पाइपलाइन बिछाने की परमिशन देनी होगी. खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इसको लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. मंत्री ने कहा कि जनता के लिए ईंधन की कोई दिक्कत ना हो, ये सरकार की प्राथमिता है.
5 दिन में देना होगा PNG कनेक्शन
इसके साथ ही सरकार ने संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि आवेदन करने पर 5 दिन के अंदर पीएनजी कनेक्शन देना होगा. गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मध्य प्रदेश में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है. इसलिए अफवाहों पर ध्यान ना दें. ना ही पैनिक में ज्यादा खरीदारी करें. सरकार कालाबाजारी करने वालों को लेकर काफी सख्त है. अगर कोई भी कालाबाजारी करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
21 जिलों में बनाए गए कंट्रोल रूम
पीएनजी कनेक्शन को लेकर प्रदेश में राजधानी भोपाल समेत 21 जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. इन कंट्रोल रूम में उपभोक्ता पीएनजी से संबंधित कोई भी जानकारी ले सकते हैं. प्रदेश में मौजूद 10 संस्थाओं को पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए कहा गया है.
90 दिनों में बंद हो जाएगा LPG कनेक्शन
जिन शहरों में पाइपलाइन बिछा दी गई है. वहां पर 90 दिनों के अंदर पीएनजी कनेक्शन लेना जरूरी हो गया. अगर पीएनजी कनेक्शन नहीं लेते हैं तो 3 महीने के अंदर एलपीजी कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा. जिन- जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछा दी गई है, वहां पर लोगों को भी इसकी जानकारी दी जा रही है. इसके साथ ही पीएनजी कनेक्शन को लेकर मॉनिटरिंग करने के लिए जिले के डीएम, एडीएम समेत तमाम संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, जिससे कि सुचारू रूप से निर्देशों का पालन किया जा सके.
ये भी पढे़ं: ‘पति 40 साल का है, मैरिड लाइफ में खुश नहीं हूं’, 19 साल की पत्नी को HC ने बॉयफ्रेंड के साथ रहने की इजाजत दी