पाकिस्तान ने रची नोएडा हिंसा की साजिश! पुलिस कमिश्नर बोलीं- 2 पाकिस्तानी ट्वीटर हैंडल भी भड़का रहे थे
नोएडा हिंसा मामले में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मीडिया से बात की.
Noida Violence: नोएडा में हुई हिंसा को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि नोएडा में हुई हिंसा सुनियोजित साजिश थी. पुलिस कमिश्नर ने तीन बड़े आरोपियों के नाम बताए हैं. इनमें रुपेश रॉय मनीषा चौहान और आदिया आनंद के नाम शामिल हैं. इमें से रुपेश रॉय और मनीषा चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आदिया आनंद की तलाश की जा रही है. हिंसा के दौरान तीनों आरोपी मौके पर ही मौजूद थे और भीड़ को उकसा रहे थे.
हिंसा भड़काने में दो पाकिस्तानी ट्वीटर हैंडल शामिल
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान जानकारी देते हुए बताया, ‘हिंसा भड़काने और उकसाने के लिए सोशल मीडिया हैंडल्स से सामग्री प्रसारित की जा रही थी. अलग-अलग सोशल मीडिया हैंडल्स और गतिविधियों के खिलाफ मुकदमे किए गए हैं. इनमें दो ट्वीटर हैंडल पाकिस्तान से चलाए जा रहे थे. मामले में अब तक 62 लोगों की गिरफ्तारी की गई है. इसमें साजिशकर्ता के अलावा आगजनी करने वालों में 9 आरोपी भी शामिल हैं.’
पाकिस्तान के 2 ट्वीटर हैंडल के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस कमिश्रन लक्ष्मी सिंह ने बताया, ’13 तारीख को कुछ उपद्रवियों का द्वारा बवाल किया गया था. जिसके बाद पुलिस ने बवाल को शांत करते हुए स्थिति पर काबू पा लिया था, लेकिन तभी दो सोशल मीडिया हैंडल के द्वारा गलत नैरेटिव सेट करके श्रमिकों को भड़काया गया. ट्वीटर हैंडल में बताया गया कि पुलिस की फायरिंग से श्रमिकों की मौत हो गई है. जिसके बाद श्रमिकों में गुस्सा फैल गया और हिंसा भड़क गई. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर 20 में दोनों ट्वीटर हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. लेकिन अभी ट्वीटर से मिली जानकारी से पता चला है कि दोनों ही हैंडल पाकिस्तान से ऑपरेट किए जा रहे थे.’
‘नोएडा में अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है’
लक्ष्मी सिंह ने आगे बताया, ‘पुलिस के द्वारा लगाताार फ्लैग मार्च किया जा रहा है. सभी श्रमिकों ने अलग-अलग शिफ्टों में काम करना शुरू कर दिया है. यूपी सरकार ने हाई लेवल कमेटी की सिफारिश को स्वीकार कर लिया है. सरकार ने न्यूनतम वेतन की वृद्धि की गई है, उससे श्रमिकों में संतोष की भावना है. इसके साथ ही यूपी सरकार ने श्रमिकों की मांगों को देखते हुए एक वेज बोर्ड के गठन का फैसला लिया गया था. जिसको लेकर श्रमिक भाइयों को सूचित करवा दिया गया था. जिसके बाद ही वे काम पर लौटे हैं.’
पुलिस का कहना है कि नोएडा की हिंसा पूरी तरह सुनियोजित थी. अधिकतर साजिशकर्ता बाहर से आए थे. पुलिस का कहना है कि नोएडा में हिंसा के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. जिले में अब स्थिति पूरी तरह समान्य हो गई है.
‘किसी के भी उकसावे में ना आएं’
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें. ना ही किसी के उकसावे में आएं. अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है या फिर कोई भी अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें.