जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद पर NIA का शिकंजा, 30 साल पुराने मामले में दिल्ली से गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को NIA ने गिरफ्तार कर लिया.
Shabir Shah Arrested: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को शुक्रवार की शाम 1996 के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है. इसकी पुष्टि खुद शब्बीर अहमद के परिजनों ने की है. परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की शाम को गिरफ्तारी की सूचना मिली, लेकिन अभी तक कोई बातचीत नहीं हो पाई है. पटियाला हाउस कोर्ट के स्पेशल जज प्रशांत शर्मा ने NIA को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है. अब आरोपी को 20 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे से पहले जम्मू-कश्मीर की NIA स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा. फिलहाल, शब्बीर शाह को एनआईए की टीम ने पटियाला हाउस कोर्ट से जम्मू-कश्मीर ले गई.
शब्बीर शाह पर क्या हैं आरोप?
शब्बीर शाह को NIA ने जिस मामले में गिरफ्तार किया है. वह करीब 30 साल पुराना है. NIA ने बताया कि यह मामला 17 जुलाई 1996 को हुर्रियत कार्यकर्ताओं की गैरकानूनी गतिविधियों से संबंधित है. आरोप के अनुसार, आतंकवादी हिलाल अहमद बेग को मुठभेड़ में मारा गया था. उसके शव को लेकर सैयद अली शाह गिलानी, शब्बीर अहमद शाह, अब्दुल गनी लोन, मोहम्मद याकूब वकील, जाविद अहमद मीर ने भीड़ एकत्रित किया और श्रीनगर लेकर जा रहे थे. इस दौरान भीड़ ने भारत विरोधी नारे लगाए. जब उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो भीड़ उग्र हो गई और कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया. इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर भी गोली चलाई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
कोर्ट ने 3 दिनों के लिए रिमांड पर भेजा
एनआईए ने शब्बीर की गिरफ्तारी के बाद कोर्ट को बताया कि उससे पूछताछ कर बड़ी साजिश का पता लगाया जाएगा. हालांकि कोर्ट ने एनआईए की बातों को सुना और तीन दिनों की रिमांड दे दी. इस दौरान शब्बीर के वकीलों ने ट्रांजिट रिमांड का विरोध करते रहे, लेकिन कोर्ट ने एक नहीं सुना.
ये भी पढ़ेंः प्रयागराज से मेरठ के लिए बने गंगा एक्सप्रेसवे की क्या है खासियत? यहां जानें सबकुछ
2 मामलों में मिल चुकी है जमानत
शब्बीर शाह को 12 मार्च 2026 को NIA के एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है. इसके बाद 28 मार्च 2026 को शब्बीर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी जमानत मिली थी. जानकारी के अनुसार, शब्बीर शाह ने अब तक 39 साल की नजरबंदी और हिरासत की सजा काटी है. फिलहाल, एनआईए सभी मामलों की जांच करने में जुटी है.