प्रेमी से झगड़ा होने पर फिनाइल पी लिया, परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो 5वीं मंजिल पर चढ़ी प्रेमिका, कहा-पहले बात कराओ
छिंदवाड़ा में प्रेमी से बात ना होने पर युवती अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर चढ़ गई.
Chhindwara News: छिंदवाड़ा के जिले अस्पताल में एक युवती ने पांचवीं मंजिल पर चढ़कर जान देने की धमकी दी. वजह सिर्फ इतनी थी कि युवती की उसके प्रेमी से बात नहीं हो पा रही थी. प्रेमी से से झगड़े के बाद युवती ने फिनाइल पी लिया था. इसके बाद परिजन युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे थे. लेकिन वहां भी युवती वार्ड से भाग गई और पांचवीं मंजिल पर चढ़ गई. लोगों ने मनाने की कोशिश की लेकिन युवती मानने को तैयार नहीं हुई. इसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. हालांकि काफी देर के बाद लोगों ने मान-मनौव्वल करके युवती को नीचे उतारा.
रोते हुए बोली- प्रेमी से बात करवाओ
पूरा मामला छिंदवाड़ा जिला अस्पताल का है. एक युवती का अपने प्रेमी से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद प्रेमी युवती का फोन नहीं उठा रहा था. जिससे दुखी होकर युवती ने फिनाइल पी लिया. जिसके बाद आनन-फानने में घरवाले युवती को जिला अस्पताल पहुंचे. जहां पर डॉक्टर युवती का इलाज कर ही रहे थे, तभी युवती अचानक युवती वार्ड से भाग गई. कोई कुछ समझ पाता तब तक युवती निकलकर सीधे छज्जे पर जा पहुंची. जब लोगों ने युवती के पास जाने की कोशिश की तो उसने धमकी दी की वह पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे देगी. इस दौरान युवती रोने लगी और अपने प्रेमी से बात करने की जिद पर अड़ गई.
काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद युवती को उतारा गया
वहीं युवती के छज्जे पर खड़े होने के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन और स्टाफ के सभी लोगों लोगों सदमे में आ गए. लगभग 20 मिनट तक सभी लोग मिलकर युवती को मनाते रहे. काफी मान-मनौव्वल और प्रेमी से बात करवाने का आश्वासन मिलने के बाद युवती को किसी तरह नीचे उतारा गया. गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. इस दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया.
वहीं वीडियो सामने आने के बाद पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गई है. अगर कोई शिकायत आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी.