रायपुर एयरपोर्ट पर पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, फ्लाइट की लैंडिंग के समय रनवे पर पहुंचा बंदर, सभी यात्री सुरक्षित
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधाी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर गुरुवार को अफरा-तफरी मच गई. अचानक एक बंदर रनवे पर पहुंच गया. घटना लखनऊ से रायपुर की ओर आ रही यात्री फ्लाइट की लैंडिंग के समय हुई. घटना के दौरान पायलट की समझदारी के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जानकारी के अनुसार, इस विमान में कुल 132 यात्री सवार थे.
रनवे पर दिखा बंदर
एयरपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ-रायपुर फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंची थी. विमान जैसे ही रनवे पर लैंडिंग के लिए अपने अंतिम चरण में आया, तभी पायलट की नजर रनवे पर दौड़ते हुए एक बंदर पर पड़ी. लैंडिंग के दौरान विमान की रफ्तार काफी तेज होती है और ऐसे समय रवने पर होने वाली किसी भी गति-विधि से गंभीर दुर्घटना हो सकती है.
पायलट ने लगाया इमरजेंसी ब्रेक
रनवे पर बंदर को देखकर पायलट ने स्थिति को भांपा और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया. इमरजेंसी ब्रेक के बाद विमान की स्पीड को नियंत्रित किया गया. अचानक लगे इस ब्रेक के बाद यात्रियों को जोरदार झटका महसूस हुआ. कुछ देर के लिए विमान के भीतर हड़कंप की स्थिति भी बन गई. कई यात्री घबरा गए, लेकिन फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर्स ने स्थिति को संभाल लिया और यात्रियों को शांत कराया.
घटना के बाद सक्रिया हुआ एयरपोर्ट प्रबंधन
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन सक्रिया हो गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरपोर्ट प्रशासन मौके पर पहुंच गया. सुरक्षा टीम, ग्राउंड स्टाफ और वन विभाग की टीम भी तत्काल प्रभाव से रनवे पर पहुंची. बंदर को रनवे से सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और पूरे क्षेत्र की जांच की गई.
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
विमान को सुरक्षित तरीके से पर्किंग वे तक ले जाया गया, जहां सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया. मामले पर एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि घटना में किसी भी यात्री को या फिर किसी भी क्रू मेंबर को चोट नहीं आई है. सुरक्षा कारणों के चलते एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.