तीन महीने बाद पुणे से मिली मंदसौर की लापता नाबालिग, 4 राज्यों में तलाशी के बाद इनामी बदमाश को पुलिस ने दबोचा

मध्य प्रदेश के अलावा पुलिस ने राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी लड़की की तलाश की. इस दौरान पुलिस ने लगभग 350 सीसीटीवी कैमरे खंगाले.
Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से पिछले तीन महीनों से लापता नाबालिग को पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस ने नाबालिग को पुणे से बरामद किया है. साथ ही किशोरी का किडनैप करने वाले आरोपी बदमाश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 11 फरवरी को नाबालिग के घरवालों ने लापता होने की सूचना दी थी. जिसके बाद पुलिस ने मध्य प्रदेश समेत चार राज्यों में किशोरी की तलाश की, जिसके बाद पुलिस को सफलतता मिली.

बहला-फुसलाकर नाबालिग का कर लिया था अपहरण

पूरा मामला भानपुरा थाना क्षेत्र के गुलाब नगर (कैथुली) गांव का है. यहां रहने वाली एक महिला ने 11 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी बेटी लापता हो गई है. महिला ने आरोप लगाया था कि जैकी नाम का एक युवक ने बहला-फुसलाकर 16 साल की बेटी का अपहरण कर लिया है. मां की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज किया. जिसके बाद मंदसौर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की लेकिन पूरे राज्य में उसका कहीं भी पता नहीं चला. इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर दूसरे राज्य में फरार हो गया है.

गुजरात और राजस्थान के कई शहरो में की तलाश

शिकायत दर्ज होने के बाद भानपुरा थाना निरीक्षक रमेशचन्द्र दांगी ने नाबालिग की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया है. आरोपी के ऊपर पुलिस ने 5 हजार का इनाम भी घोषित किया. लेकिन उसका पता कहीं नहीं चला. इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस गुजरात पहुंची. यहां गुजरात के गांधीनगर, सूरत, गांधीधाम, अहमदाबाद, कच्छ और भुज जिलों में पुलिस ने तलाश किया, लेकिन उसके हाथ कुछ नहीं लगा. इसके अलावा पुलिस ने राजस्थान के सांचोर में नाबालिग और किडनैपर की तलाश की लेकिन यहां भी सफलता नहीं मिली. फिर एक दिन पुलिस के एक और मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी जैकी नाबालिग को महाराष्ट्र के पुणे ले गया है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छानबीन की और फिर पुणे जाकर इंडस्ट्रियल एरिए से शुक्रवार को आरोपी को दबोच लिया. इस दौरान नाबालिग की तलाश में पुलिस को चारों राज्यों में लगभग 350 सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़े.

काउंसलिंग के बाद नाबालिग को परिवार को सौंपा

आरोपी जैकी के पास से पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के जरिए उसकी काउंसलिंग करवाई. पुलिस ने बताया कि नाबालिग को काउंसलिंग के बाद उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया है. वहीं आरोपी जैकी को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें: बाबाओं का गढ़ बना छतरपुर! धीरेंद्र शास्त्री के जैसी ही मन की बात जान लेने का दावा, देखें पूरी लिस्‍ट

ज़रूर पढ़ें