Bhopal: भोपाल में UPSC मेंटर शुभ्रा रंजन को बंधक बनाकर 2 करोड़ की वसूली, मुख्यआरोपी प्रियंक शर्मा समेत 6 गिरफ्तार
यूपीएससी मेंटर शुभ्रा रंजन
Bhopal News: भोपाल में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कराने वाली चर्चित मेंटर शुभ्रा रंजन के साथ एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां उनके पूर्व छात्र और बिजनेस पार्टनर प्रियंक शर्मा ने उन्हें बंधक बनाकर करीब दो करोड़ रुपये ऐंठ लिए. मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी और एक संदिग्ध अब भी फरार हैं. अब तक जांच में कुल आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई है.
योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बागसेवनिया स्थित एक फ्लैट में शुभ्रा रंजन को बंधक बनाकर रखा और शक से बचने के लिए वहां सुंदरकांड का पाठ भी कराया. इस दौरान उनकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए. आरोपियों ने इस वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया था.
पूर्व छात्र ही निकला मास्टरमाइंड
जानकारी के मुताबिक, प्रियंक शर्मा पहले शुभ्रा रंजन के छात्र रह चुके हैं, लेकिन यूपीएससी में चयन न होने के बाद उन्होंने भोपाल के एमपी नगर में उनकी कोचिंग की फ्रेंचाइजी लेकर सेंटर शुरू किया था. शुरुआत में दोनों ने मिलकर काम किया, लेकिन पिछले एक साल से सेंटर घाटे में चल रहा था. इसी बीच आरोपी ने नए बिजनेस प्लान के बहाने शुभ्रा रंजन को भोपाल बुलाया और निवेश के लिए दबाव बनाया. इंकार करने पर उन्हें बंधक बनाकर रकम ट्रांसफर कराई गई.
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. जब पुलिस आरोपी को पकड़ने उसके घर पहुंची तो वह एम्स भोपाल में भर्ती मिला. उसने सीने में दर्द की शिकायत की, लेकिन जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी एक सेवानिवृत्त भेल अधिकारी का बेटा है और भोपाल में ही रहता है.
मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में दीपक भगत, रोहित मालवीय, विकास उर्फ विक्की दाहिया, कुनाल यादव और पंकज अहिरवार को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि रामजी उर्फ निहाल प्रजापति फरार है और एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है. पुलिस आयुक्त संजय कुमार के मुताबिक, आरोपी ने फिरौती की रकम वसूलने के लिए दतिया और शाजापुर से अपने परिचितों को बुलाया था.
UPSC में सफल छात्रों की मेंटर हैं शुभ्रा रंजन
गौरतलब है कि शुभ्रा रंजन राजनीति विज्ञान की जानी-मानी विशेषज्ञ हैं और उनके मार्गदर्शन में कई अभ्यर्थी यूपीएससी में सफल हो चुके हैं. उनके छात्रों में टीना डाबी, रिया डाबी, इशिता किशोर और सृष्टि दुबे जैसे नाम शामिल हैं.
ये भी पढे़ं- ‘किसी के बारे में गलत नहीं बोलूंगा…’, ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर की दानपेटी से निकली अजीबो-गरीब पर्चियां