MP में 18 साल बाद होमगार्ड भर्ती की तैयारी, 5020 पदों पर होगी नियुक्ति, महिलाओं को भी मिलेगा मौका
एमपी में होगी होमगार्ड भर्ती (फाइल फोटो)
MP Home Guard Recruitment: मध्य प्रदेश में करीब 18 साल के लंबे अंतराल के बाद होमगार्ड (नगर सेना) के खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है. कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) इसी महीने भर्ती का विज्ञापन जारी कर सकता है. इस भर्ती के तहत कुल 5020 पदों को भरने का प्रस्ताव है. इनमें सामान्य ड्यूटी के 4532 पद और उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए 488 पद शामिल हैं. खास बात यह है कि पहली बार होमगार्ड की भर्ती जिला स्तर के बजाय प्रदेश स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है.
2008 के बाद नियमित भर्ती बंद, 6690 पद खाली
मध्य प्रदेश में होमगार्ड को डाइंग कैडर घोषित किए जाने के बाद वर्ष 2008 से नियमित भर्ती बंद थी. हालांकि, वर्ष 2016 में उज्जैन में आयोजित सिंहस्थ के दौरान करीब 2600 जवानों को अस्थायी तौर पर नियुक्त किया गया था. बाद में इन जवानों को नियमित सेवा में शामिल कर लिया गया. इसके बाद नई भर्तियां नहीं होने से विभाग में खाली पदों की संख्या लगातार बढ़ती गई.
प्रदेश में होमगार्ड के कुल 15,800 पद स्वीकृत हैं. इनके संचालन के लिए 97 कंपनियां गठित की गई हैं. वर्तमान में स्वीकृत पदों में से 6690 खाली हैं. लंबे समय से भर्ती नहीं होने के कारण सेवानिवृत्त होने वाले जवानों की जगह नई नियुक्तियां नहीं हो पा रही थीं. अब सरकार ने रिक्त पदों को भरने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं.
महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत पद आरक्षित
इस भर्ती में महिलाओं को भी पर्याप्त अवसर देने की योजना है. प्रस्ताव के अनुसार, कुल पदों में से 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे. इससे पहले होमगार्ड में केवल एक बार महिलाओं की भर्ती हुई थी. फिलहाल विभाग में करीब 350 महिला जवान कार्यरत हैं. अब तक सेवा की कठिन परिस्थितियों को महिलाओं की भर्ती में बाधा माना जाता रहा है, लेकिन बदलती परिस्थितियों में महिलाएं भी चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं.
SC-ST आरक्षण तय, OBC पर स्थिति स्पष्ट नहीं
आरक्षण व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 20 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 15 प्रतिशत पद आरक्षित रखने का प्रस्ताव है. अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है. भर्ती से जुड़ी अंतिम जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद सामने आएगी.
प्रदेश स्तर पर होगी भर्ती, जल्द जारी हो सकता है विज्ञापन
होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के अनुसार, भर्ती के लिए शासन से मंजूरी मिल चुकी है. पहले जिला स्तर पर रिक्तियों के आधार पर नियुक्तियां की जाती थीं, लेकिन इस बार कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से प्रदेश स्तर पर भर्ती कराने की तैयारी है. इसके लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किया जा सकता है.