‘किसी के बारे में गलत नहीं बोलूंगा…’, ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर की दानपेटी से निकली अजीबो-गरीब पर्चियां
अचलेश्वर महादेव मंदिर, ग्वालियर
MP News: मंदिरों में श्रद्धालु देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेने तो जाते ही हैं. इसके साथ ही अक्सर मान्यता के लिए धागे बांधते हैं और दानपेटियों में पर्चियां भी डालते हैं. ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर की दान पेटियों से अजीबो-गरीब पर्चियां निकलीं.
दानपेटी से क्या-क्या मिला?
ग्वालियर के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर की दान पेटियां अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास की निगरानी में खोलीं गईं. इनसे करीब 5.30 लाख रुपये कैश, एक चांदी का सिक्का, सिल्वर ऑर्नामेंट और विदेशी करेंसी निकली. इसके साथ ही न्यास को मान्यता, धन्यवाद और क्षमा प्रार्थना की अजीबोगरीब पर्चियां मिलीं.
‘पैसा ही पैसा आ रहा है’
दानपेटी से निकली एक पर्ची में एक श्रद्धालु ने धन्यवाद देते हुए लिखा कि हे प्रभु आपका बहुत प्यारा बच्चा हूं. मुझे आपके साथ बहुत अच्छा लगता है. मेरे चारों तरफ आपके आशीर्वाद से पैसा ही पैसा आ रहा है. मैं आपका तहेदिल से धन्यवाद करता हूं. वहीं, एक अन्य पर्ची में शादी के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा कि बहुत अच्छा घर और लड़का मिल गया है. बहुत धूमधाम से उसकी शादी कर रहे हैं. एक श्रद्धालु ने क्षमा प्रार्थना करते हुए लिखा कि अब किसी के बारे में गलत नहीं बोलूंगा, ना सोचूंगा और चुप रहने की आदत बनाऊंगा.
ये भी पढ़ें: Jabalpur Cruise Incident: ‘हम मौत को छूकर लौटे है, कलेजा हलक में था’, बरमी डैम हादसे में बची महिला ने सुनाई आपबीती
अचलेश्वर महादेव मंदिर के बारे में
- ग्वालियर के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर में एमपी के अलावा अन्य राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं.
- हर सावन सोमवार, महाशिवरात्रि एवं अन्य त्योहारों पर भक्तों का मंदिर में तांता लगता है.
- अचलेश्वर महादेव को अचल शिवलिंग के नाम से भी जाना जाता है.
- लोक मान्यता है कि एक बार राजा की सवारी के मार्ग में शिवलिंग आ गया. इसे हाथियों से हटाने का प्रयास किया गया लेकिन हटा नहीं सके.
- मंदिर में स्थापित शिवलिंग स्वयंभू है. ऐसी मान्यता है कि चंदन का लेप करने से मनोकामना पूरी होती है.