शहडोल में ‘मिडनाइट स्कैम’, आधी रात में नगर पालिका से सरकारी दस्तावेज चोरी, जानें क्या है मामला
धनपुरी नगर पालिका से सरकारी दस्तावेज चोरी
MP News (शहडोल से कैलाश लालवानी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के शहडोल संभाग की सबसे धनी नगर पालिकाओं में शुमार धनपुरी नगरपालिका रात के अंधेरे में चोरों की तरह घुसे एक अधिकारी दो कर्मचारी नगरपालिका कार्यालय का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया गया. स्थापना कक्ष में रखे कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को चुपचाप निकालकर ले जाया गया. यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
क्या है पूरा मामला?
जिले के धनपुरी नगरपालिका में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक (ARI) राम विशाल नापित पर आरोप है कि वे एक लग्जरी थार गाड़ी में सवार होकर रात के सन्नाटे में कार्यालय पहुंचे. उनके साथ राजेश नामक एक व्यक्ति और एक अन्य साथी भी मौजूद था. आरोप है कि तीनों ने दफ्तर का ताला खोला और चोरों की तरह अंदर दाखिल होकर स्थापना कक्ष से जरूरी दस्तावेज लेकर निकल गए. चोरी छिपे कार्यालय से आवश्यक दस्तावेजों के ले जाने की यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है.
घटना के समय का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है. मामला तूल पकड़ते ही नगरपालिका प्रशासन हरकत में आ गया है. धनपुरी नगरपालिका की CMO पूजा बुनकर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यालय में घुसकर दस्तावेज ले जाने वालो को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है.
ये भी पढ़ें: ‘जहां मैं रहता हूं, 4 साल में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर हुआ…’, राजगढ़ सांसद का बयान, बोले- कैसे चलेगा ये हाल?
संदेह के घेरे में पूरी घटना
इस घटना के सामने आते ही राजनीति गरमा गई है. वार्ड नंबर 04 के पार्षद और भाजपा नेता प्रवीण बडोलिया ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) से लिखित शिकायत की है. बडोलिया ने सवाल उठाया है कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी या कौन सा राज छिपाना था, जिसके लिए एक अधिकारी को रात के अंधेरे में चोरों की तरह दफ्तर में घुसना पड़ा.