Bhopal: ‘ममता 2026’ का सफल समापन, बड़ी संख्या में परिवारों और चिकित्सा विशेषज्ञों ने किया प्रतिभाग

Bhopal: हर हेल्थ द्वारा आयोजित दो दिवसीय 'ममता 2026' मातृत्व की भावनाएं लेंस के माध्यम से' फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आज रवींद्र भवन, भोपाल में सफलतापूर्वक समापन हुआ.
Mamta 2026, Bhopal

ममता 2026, भोपाल

Bhopal: हर हेल्थ द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘ममता 2026′ मातृत्व की भावनाएं लेंस के माध्यम से’ फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आज रवींद्र भवन, भोपाल में सफलतापूर्वक समापन हुआ. प्रदर्शनी दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली रही, जिसमें बड़ी संख्या में परिवारों, चिकित्सा विशेषज्ञों, फोटोग्राफर्स एवं नागरिकों ने सहभागिता की.

कार्यक्रम के दूसरे दिन ‘सुहृद पेरेंटिंग ग्रुप’ का शुभारंभ श्रीमती मीता वाधवा के सहयोग से आयोजित किया गया. इस विशेष सत्र में बच्चों के समग्र विकास, सकारात्मक पालन-पोषण एवं भावनात्मक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई. डॉ. काकोली रॉय ने बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, पारिवारिक संवाद और संस्कारयुक्त वातावरण की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए.

कार्यक्रम में परम पूजनीय दादागुरु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने अपने उद्बोधन में मां की शक्ति, ममता एवं मातृत्व की महिमा पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला नहीं, बल्कि समाज के संस्कारों और मूल्यों की प्रथम पाठशाला होती है.

श्रीमती मालती राय ने की सहभागिता

भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ने भी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की तथा ‘ममता 2026’ जैसी सामाजिक एवं जागरूकता आधारित पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि मातृत्व, परिवार और संस्कारों को केंद्र में रखकर आयोजित ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं.

सायंकाल आयोजित सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रचना दुबे एवं वरिष्ठ फोटोग्राफर एवं प्रिंट आर्टिस्ट श्री अनुराग दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों एवं विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया.

सार्थक संवाद स्थापित करने का प्रयास

कार्यक्रम के समापन अवसर पर हर हेल्थ की संस्थापक, प्रसिद्ध स्त्री रोग एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ प्रिया भावे चित्तावार ने सभी मुख्य अतिथियों, प्रतिभागियों, फोटोग्राफर्स, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ‘ममता 2026’ के माध्यम से मातृत्व, महिला स्वास्थ्य, पालन-पोषण एवं भावनात्मक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर समाज में सार्थक संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है.

उन्होंने यह भी बताया कि ‘ममता’ समारोह का यह चौथा वर्ष है तथा हर वर्ष यह आयोजन समाज में संवेदनशीलता, जागरूकता और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का माध्यम बन रहा है.

दो दिवसीय प्रदर्शनी को नागरिकों से अत्यंत सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हुआ तथा यह आयोजन कला, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को एक मंच पर लाने में सफल रहा.

ये भी पढ़ें: रतलाम में 6 लाख के बकरों की कार से चोरी, फिल्मी स्टाइल में पुलिसकर्मी ने आरोपियों को पकड़ा, जानें क्या है पूरा मामला

ज़रूर पढ़ें