Rajgarh: पचोर में पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग, 13 लोग बुरी तरह झुलसे, 15 बाइक जलकर खाक
पेट्रोल पंप पर लगी आग
Rajgarh: एमपी के राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार देर रात एक पेट्रोल पंप पर अचानक आग लग गई. आग की लपटें आसमान छूती हुई नजर आ रही थी. इस घटना की वजह से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. खबरों के मुताबिक हादसे में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे 13 लोग झुलस गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर खड़ा टैंकर और करीब 15 बाइकें चंद मिनटों में जलकर खाक हो गईं.
चुन्नालाल मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर लगी आग
ये घटना पचोर स्थित चुन्नालाल मुन्नालाल पेट्रोल पंप की है. जानकारी के अनुसार रात में 20 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल लेकर आया एक टैंकर ईंधन खाली कर रहा था. उसी दौरान कुछ लोग अपनी बाइक और वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे थे. तभी अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने पूरे पंप परिसर को अपनी चपेट में ले लिया.
भगदड़ जैसे हालात
आग लगते ही पेट्रोल पंप पर भगदड़ जैसे हालात हो गए. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. प्रत्यदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही सेकेंड में पेट्रोल पंप पर खड़ी बाइकों और टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकर की गाड़ियां पहुंची और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
आग लगने का सही कारण नहीं है पता
हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से झुलसे बलराम गुर्जर को राजगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को शाजापुर भेजा गया. देर रात तक घायलों के अस्पताल पहुंचने और उपचार का सिलसिला जारी रहा. पुलिस इस मामले में जांच रही है हालांकि अभी आग लगने का सही कारण नहीं पता चल पाया है.