MP News: मुरैना में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, तहसीलदार और ठेला व्यापारियों के बीच बहस के बाद हटाए ठेले
मुरैना में तहसीलदार ने हटवाया अतिक्रमण
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना शहर के व्यस्त सरदार बाजार क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. सड़क और बाजार क्षेत्र में हाथ ठेले लगाकर किए गए कब्जों को हटाने के लिए तहसीलदार ज्योति लक्ष्यकर और अपर कलेक्टर उमेश अवस्थी भारी अमले के साथ मौके पर पहुंचे. कार्रवाई शुरू होते ही कई हाथ ठेला व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली.
बाजार से पैदल निकलना भी मुश्किल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरदार बाजार में लंबे समय से हाथ ठेलों और अस्थायी दुकानों के कारण हालात बिगड़ते जा रहे थे. बाजार में पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया था, जबकि ग्राहक और स्थायी व्यापारी भी जाम और अव्यवस्था से परेशान थे. कई बार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया.
जैसे ही प्रशासनिक टीम जेसीबी और नगर निगम के अमले के साथ मौके पर पहुंची, ठेला व्यापारियों में हड़कंप मच गया. कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से बहस शुरू कर दी. इस दौरान तहसीलदार ज्योति लक्ष्यकर ने सख्त तेवर दिखाए और किसी भी दबाव में आए बिना अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें “लेडी सिंघम” तक कहना शुरू कर दिया.
कार्रवाई में हटाए गए ठेले
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े कई हाथ ठेले हटाए गए और अवैध कब्जों को जेसीबी की मदद से साफ कराया गया. प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
अतिक्रमण हटाने के दौरान बाजार क्षेत्र में भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने. कार्रवाई के बाद बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बाद में यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई.
ये भी पढे़ं- Bhopal News: पुलिसवालों के सस्पेंड होते ही सख्ती शुरू, 15 दिन में 29 लाख का चालान, महिलाओं को भी घंटों खड़ा रखा