Bhopal: रिटायर्ड जज की बहू की मौत, परिवार का आरोप- सास और पति ने मिलकर की हत्या, पुलिस कमिश्नर बोले- एविडेंस मिलने पर कार्रवाई करेंगे

Bhopal News: ट्विशा शर्मा की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Wedding photos of a retired judge's son and daughter-in-law.

रिटायर्ड जज की बहू और बेटे की शादी की फोटो

Bhopal News: राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रिटायर्ड जज की नवविवाहिता गर्भवती बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका ट्विशा शर्मा की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

नाेएडा की रहने वाली थी ट्विशा शर्मा

जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और करीब एक साल पहले उनकी शादी भोपाल निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी. समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं, जबकि उनकी मां गिरबाला सिंह न्यायिक सेवा से सेवानिवृत्त हैं. बताया जा रहा है कि ट्विशा और समर्थ की मुलाकात साल 2024 में एक डेटिंग एप के जरिए हुई थी. करीब एक साल तक बातचीत और रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने लव मैरिज की थी. ट्विशा एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थीं, लेकिन शादी के बाद भोपाल में सेटल होने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी थी. ट्विशा के पिता नोएडा में फार्मा बिजनेस संभालते हैं, जबकि उनके भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर पद पर पदस्थ हैं.

मौत से पहले भाई को किया था फोन

मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा का आरोप है कि घटना से कुछ घंटे पहले ट्विशा ने उन्हें फोन किया था. उसने बताया था कि पिछले करीब दस दिनों से पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है. वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी और मायके लौटना चाहती थी. परिजनों के मुताबिक ट्विशा ने नोएडा जाने के लिए रेलवे टिकट भी बुक करा लिया था, लेकिन भोपाल छोड़ने से पहले ही उसकी मौत हो गई.

सास ने दी मौत की सूचना

परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद ट्विशा की सास का फोन आया और उन्हें फांसी लगाने की सूचना दी गई. घटना के बाद परिवार तत्काल भोपाल पहुंचा. पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. परिवार का कहना है कि नौकरी छोड़ने के बाद ससुराल वालों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया था. उसे “नाकारा” कहकर अपमानित किया जाता था और परिवार को लेकर भी ताने दिए जाते थे. लगातार मानसिक दबाव के कारण वह अवसाद में रहने लगी थी.

दूसरी नौकरी करने का बनाया जा रहा था दबाव

परिवार का कहना है कि शादी के बाद ट्विशा ने भोपाल में रहने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी थी. इसके बाद पति और परिवार के लोग उस पर दूसरी नौकरी करने को लेकर दबाव बनाते थे, जिसको लेकर अक्सर विवाद होता था. मामले में एक और संवेदनशील पहलू भी सामने आया है. परिवार के मुताबिक मार्च महीने में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी. परिजनों का दावा है कि वह उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन ससुराल पक्ष उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था.

आरोप है कि पति कथित तौर पर उसे ताने देता था और यहां तक कहता था कि “बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो.” परिवार का कहना है कि इस तरह की बातें ट्विशा को भीतर तक तोड़ रही थीं और वह लगातार मानसिक तनाव में रह रही थी.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया

घटना के बाद मृतका का पोस्टमार्टम एम्स भोपाल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे परिजन

इस पूरे घटनाक्रम के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. न्याय की मांग को लेकर मृतका के परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय भी पहुंचे. उन्होंने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की.

पुलिस कमिश्नर बोले- निष्पक्ष होगी कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस की ओर से जांच जारी है और बिना किसी देरी के निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि नवविवाहिता मौत के मामलों में सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच करनी होती है, जिसमें थोड़ा समय लगता है. उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी तरह का डिले नहीं कर रही है और मामले में कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी.

ये भी पढे़ं- MP News: रिटायर्ड जज की बहू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मल्टीपल इंजरी, परिजन बोले- जब तक कार्रवाई नहीं होती, अंतिम संस्कार नहीं करेंगे

ज़रूर पढ़ें