NEET-UG 2026: नीट पेपर लीक मामले में CBI को मिली बड़ी कामयाबी, पुणे से मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार
मास्टर माइंड पीवी कुलकर्णी
NEET-UG 2026: नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है. CBI ने शुक्रवार को कथित तौर पर इस पेपर लीक मामले के मास्टर माइंड पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है. खबरों की माने तो लातूर का रहने वाला पीवी कुलकर्णी पुणे में रसायन विज्ञान का शिक्षक है. पीवी कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल था, जिसके कारण उसकी पहुंच सीधे परीक्षा के प्रश्नपत्रों तक थी.
मनीषा वाघमारे से पूछताछ में हुआ खुलासा
पीवी कुलकर्णी लातूर के दयानंद कॉलेज में बतौर केमेस्ट्री प्रोफेसर कार्यरत था. अब वह रिटायर हो चुका है. आरोपी मनीषा वाघमारे से पूछताछ के बाद ही सीबीआई कुलकर्णी तक पहुंची और लंबी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.जांच एजेंसी के मुताबिक, अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते में कुलकर्णी ने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों को जुटाया और पुणे स्थित अपने घर पर स्पेशल कोचिंग क्लासेस चलाईं. मनीषा वाघमारे को CBI पहले ही 14 मई 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है.
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
नीट पेपर लीक के मामले की तह तक जाने के लिए सीबीआई ने पिछले 24 घंटों में देशभर के कई ठिकानों पर छापेमारी की है. इस दौरान कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. फिलहाल इन जब्त सामग्रियों की फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है. इससे पहले तक इस मामले में जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें से 5 आरोपियों को अदालत में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है.
ये भी पढे़ं- CG News: मैनपावर घोटाले में हाई कोर्ट ने खारिज की अनवर ढेबर की जमानत याचिका, कोर्ट ने कहा- आर्थिक अपराध सामान्य नहीं