‘डार्लिंग, पेपर दिला दूंगा…’, वायरल ऑडियो के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी में बवाल, प्रोफेसर गिरफ्तार
असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह
Exam Paper Leak: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इन दिनों एक ऑडियो जमकर वायरल हो रही है. जो कि लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर की है.इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. जूलॉजी डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने एक छात्रा से आपत्तिजनक बातचीत की. इसके साथ ही परीक्षा का पेपर दिलाने का लालच देकर मिलने के लिए दबाव बनाया है. मामला सामने आते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप में प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा को “डार्लिंग” कहकर संबोधित करते सुनाई दे रहे हैं. आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्होंने छात्रा को परीक्षा से पहले वापस आने और पेपर देने की बात भी कही है. इसी ऑडियो के वायरल होने के बाद मामला तेजी से बढ़ा और छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
छात्रों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल प्रोफेसर से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि प्रोफेसर ने क्या सच में पेपर एग्जाम से पहले ही लीक कर दिया.
पीड़ित छात्रा ने क्या कहा?
पीड़ित छात्रा ने कथित तौर पर विश्वविद्यालय प्रशासन को बताया कि वह इस पूरे घटनाक्रम से मानसिक रूप से परेशान हो गई थी. इसके बाद परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर हसनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस अब वायरल ऑडियो की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि पेपर लीक से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था.
प्रोफेसर ने आरोपों को बताया गलत
हालांकि आरोपी प्रोफेसर ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि विश्वविद्यालय की आंतरिक राजनीति के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है. दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि संस्थान की छवि खराब करने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कुलपति ने आंतरिक शिकायत समिति को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं.
इस पूरे विवाद के बाद कैंपस में छात्रों का गुस्सा भी देखने को मिला. छात्र संगठनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल निलंबन की मांग की है.
ये भी पढ़ें: ‘कलेक्टर-पलेक्टर से मत डरियो…’, आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में सपा नेता आजम खान को 2 साल की सजा