पूड़ी-सब्जी का नाम लेना पड़ा भारी! पति ने कुर्सी से पत्नी पर किया हमला, लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार

पत्नी की बुरी तरह पिटाई के बाद आरोपी पति संतोष ने धमकी दी है कि अगर दोबारा पूड़ी-सब्जी बनाकर दिया तो जान से मार देंगे.
Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: पूड़ी-सब्जी की बात करना किस हद तक एक पत्नी को भारी पड़ सकता है, इसकी बानगी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देखने को मिली. यहां एक महिला ने अपने पति से पूड़ी-सब्जी खाने के लिए पूछा था. लेकिन ये बात सुनते ही पति को इतना गुस्सा आया कि उसने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया. पति ने पत्नी के सिर पर कुर्सी से जोरदार हमला कर दिया. इसके बाद पत्नी को लहूलुहान हालत में ही छोड़कर फरार हो गया.

बेटे के बीच-बचाव से बच सकी जान

पूरा मामला भोपाल के सेमरा कला इलाके का है. यहां अनीता लोधी अपने पति और बेटे के साथ रहती हैं. लेकिन घायल होने के कारण अनीता का इस समय इलाज चल रहा है. लेकिन उनके घायल होने क कारण जानकार हर कोई हैरान है. अनीता ने बताया कि शनिवार को वो अपने बेटे और पति के साथ घर पर थीं. दोपहर करीब डेढ़ बजे का वक्त था. घर में पूड़ी सब्जी बनाई थी. लेकिन जैसे ही उन्होंने पति से कहा कि पूड़ी सब्जी बनी है. ये बात सुनते ही आरोपी पति संतोष तिलमिला उठा और गुस्से में आग बबूला हो गया. पति जब गालीगलौज करने लगा तो पत्नी ने विरोध किया. इसके बाद उसने मारपीट शुरू कर दी और आरोपी संतोष को इतना गुस्सा आया कि उसने पत्नी के सिर पर कुर्सी से हमला कर दिया. जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इस दौरान बेटे रोहन ने बीच-बचाव करके किसी तरह मां को बचाया. इसके बाद पत्नी को घायल अवस्था में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया.

‘दोबारा पूड़ी सब्जी का नाम लिया तो जान से मार दूंगा’

पत्नी की बुरी तरह पिटाई के बाद आरोपी पति संतोष ने धमकी दी है कि अगर दोबारा पूड़ी-सब्जी बनाकर दिया तो जान से मार देंगे. बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने घटना के वक्त शराब पी रखी थी. संतोष पर आरोप है कि वह अक्सर शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता है. फिलहाल पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने घरेलू हिंसा में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी पति की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

ये भी पढे़ं: श्रीमद्भागवत कथा में दिखा PM मोदी की अपील का असर, श्रद्धालुओं को एक साल तक सोना ना खरीदने की कसम दिलवाई

ज़रूर पढ़ें