MP News: पेयजल संकट को लेकर नगरवासियों का प्रदर्शन, समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी

MP News: प्रदर्शनकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी आर.पी. जगनेरिया को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की.
Residents Protest Over Drinking Water Crisis in Morena

पेयजल संकट को लेकर नगरवासियों का प्रदर्शन

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना के कैलारस नगर की गंभीर पेयजल समस्या को लेकर माकपा के बैनर तले महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बड़ी संख्या में रैली निकालकर नगर पालिका परिषद पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी आर.पी. जगनेरिया को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की.

पेयजल की कोई स्‍थायी व्‍यवस्‍था नहीं

नागरिकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 7, खौरी माता क्षेत्र में वर्षों से गरीब परिवार निवास कर रहे हैं, लेकिन वहां पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है. आरोप लगाया गया कि नगर पालिका द्वारा टैंकरों के माध्यम से भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

नदी से पानी भरने पर मजबूर

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मजबूरी में लोगों को कुंवारी नदी से पानी भरना पड़ रहा है, जबकि नदी का पानी सीवेज युक्त और प्रदूषित है. दूषित पानी के सेवन से क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है और हालात जानलेवा होते जा रहे हैं.

समस्‍या के समाधान के लिए दी चेतावनी

इस दौरान माकपा नेता अशोक तिवारी, नगर सचिव ओमप्रकाश श्रीवास, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं पूर्व पार्षद इब्राहिम शाह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगरवासी पेयजल संकट को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे, जिसमें रात्रि जागरण भी शामिल रहेगा.

ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी आर.पी. जगनेरिया ने समस्या के समाधान और ज्ञापन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.

ये भी पढे़ं- Morena: दुष्कर्म पीड़िता ने एसपी ऑफिस पहुंच लगाई गुहार, थाना प्रभारी पर थाने से भगाने का आरोप

ज़रूर पढ़ें