CG News: रेप के मामले में पुलिस आरक्षक गिरफ्तार, महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का लगाया आरोप
Rape(File Image)
CG News: राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक आरक्षक को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी आरक्षक मुकेश साहू पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है.
शादी का झांसा देकर पुलिस आरक्षक ने किया रेप
पीड़िता के मुताबिक उसकी पहचान मुकेश साहू से साल 2008 में हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी बढ़ती गईं. महिला का आरोप है कि वर्ष 2015 में आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे में उसे पुलिस लाइन स्थित अपने घर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए. महिला का कहना है कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिसके कारण उसने उस पर भरोसा किया.
जानें कैसे हुआ खुलासा?
आरोप है कि बाद में आरोपी की पोस्टिंग गरियाबंद में हुई, जहां उसने एक महिला आरक्षक से शादी कर ली. इस बात की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता को अपने साथ धोखा होने का एहसास हुआ. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे रायपुर में किराए के मकान में रखवाया था और लंबे समय तक संबंध बनाए रखा.
पुलिस आरक्षक गिरफ्तार
मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक मुकेश साहू के खिलाफ FIR दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़िता के बयान सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.