MP News: एमपी में 26 मई से कांग्रेस का पोल खोल, हल्‍ला बोल आंदोलन, जनता के मुद्दों पर होगा अनोखा प्रदर्शन

MP News: जबलपुर में कांग्रेस पदाधिकारियों ने जनता के बीच जनता की समस्याओं को जानने के लिए पोल खोल, हल्ला बोल आंदोलन की शुरुआत की है.
Congress's 'Expose and Raise a Voice' Movement

कांग्रेस करेगी पोल खाेल, हल्‍ला बोल प्रदर्शन

MP News: देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब एक अनोखा आंदोलन शुरू करने जा रही है. जबलपुर में कांग्रेस पदाधिकारियों ने जनता के बीच जनता की समस्याओं को जानने के लिए पोल खोल, हल्ला बोल आंदोलन की शुरुआत की है. इसके तहत 26 मई से 25 जून तक कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ, पंचायत, मंडलम, ब्लॉक, स्तरीय संगठन की गतिविधियों को मजबूत करेंगे और जनता की प्रमुख समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाएंगे.

20 से 30 जून के बीच होगा घेराव और धारण प्रदर्शन

इस आंदोलन के तहत तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन,अर्थी जुलूस और धरना भी दिया जाएगा. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के नेतृत्व में 20 जून से 30 जून के बीच प्रदेश भर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव और धारण किया जाएगा.

कांग्रेस विधायक ने साधा निशाना

कांग्रेस के विधायक रजनीश सिंह का कहना है कि मध्य प्रदेश में आम जनता की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही है ग्रामीण स्तर से लेकर शहरी क्षेत्र में भी जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में खोली गई गौशालाएं बंद पड़ी है, कानून व्यवस्था बेलगाम हो चुकी है, जनसुनवाई में अधिकारी जनता की अनसुना कर रहे है, जिले में लूट, डकैती हत्या और जुआ सट्टा जैसी आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं. तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार बेलगाम हो चुका है, नामांतरण , सीमांकन जैसे काम के लिए भी आम आदमी को पैसा देना पड़ता है.

कई मुद्दों पर कांग्रेस करेगी पोल खोल, हल्‍ला बोल

विधायक ने आगे कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में भी वन अधिकार पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं. सामुदायिक वन अधिकार नहीं दिया जा रहा है. किसान बिजली पानी की कटौती से बेहद परेशान है, जल जीवन मिशन के तहत जमकर भ्रष्टाचार किया गया है. नतीजा यह की प्रदेश के कई इलाके जल संकट से जूझ रहे हैं गरीब क्षेत्र में शिक्षण व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा चुकी है, महिलाओं को 3000 रुपये महीना नहीं दिया जा रहा है. उन्‍होंने कहा कि ऐसे तमाम मुद्दों को लेकर अब कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और पोल खोलकर हल्ला बोलेगी.

ये भी पढे़ं- ‘पूरे देश में लागू हो कचरे से बिजली बनाने की तकनीक…’, जबलपुर पहुंचे मंत्री तोखन साहू ने की वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की जमकर तारीफ

ज़रूर पढ़ें