यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के विमान में आई तकनीकी खराबी, मुरादाबाद रनवे पर निकला धुआं
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
Brajesh Pathak: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से जुड़ी एक बड़ी खबर सोमवार को सामने आई, जब मुरादाबाद एयरपोर्ट पर उनके विमान में तकनीकी खराबी मिलने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौटने वाले थे, लेकिन उड़ान से ठीक पहले विमान में तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा.
जैसे ही तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी पायलट और एयरपोर्ट स्टाफ को मिली, तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए. एहतियात के तौर पर विमान को रनवे से आगे बढ़ने नहीं दिया गया. इसके बाद इंजीनियरिंग टीम ने विमान की जांच शुरू की.
तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी है. इंजन क्यों बंद हुआ, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है. घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई.
बाल-बाल टला हादसा
घटना के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों में भी हलचल बढ़ गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते खराबी का पता चल गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. गनीमत यह रही कि गड़बड़ी पता लगने के बाद सफर नहीं किया.
सूत्रों के मुताबिक, जांच पूरी होने तक डिप्टी सीएम को एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा. बाद में वैकल्पिक व्यवस्था पर भी चर्चा की गई. इस घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति को लेकर विस्तृत निरीक्षण किया गया.
सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ब्रजेश पाठक पूरी तरह सुरक्षित रहे. घटना ने एक बार फिर वीवीआईपी उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच की अहमियत को चर्चा में ला दिया है. ऐसा पहली बार नहीं है जब इस तरह की खराबी सामने आई हो, इससे पहले केशव प्रसाद मार्या के विमान में भी खराबी आई थी.
ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, बिजली कटौती को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला