SRH vs RR Eliminator: बारिश की भेंट चढ़ा एलिमिनेटर, तो किसे होगा फायदा? आप भी जान लीजिए नियम

Eliminator Washout Scenario Decoded: आईपीएल के नियमों के मुताबिक अगर प्लेऑफ मुकाबले बारिश में धुल जाते हैं, तो पॉइंट्स टेबल पर बेहतर पोजीशन में रहने वाली टीम को फायदा होता है.
SRH vs RR

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स

Eliminator Washout Scenario Decoded: आईपीएल 2026 में प्लेऑफ का रोमांच शुरू हो चुका है. जिसमें आज सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. इस मैच से पहले फैंस के मन में एक ही सवाल है कि अगर यह मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो क्या होगा और कौन सी टीम आगे जाएगी. आइए जानते हैं…

क्या कहते हैं नियम?

आईपीएल के नियमों के मुताबिक अगर प्लेऑफ मुकाबले बारिश में धुल जाते हैं, तो पॉइंट्स टेबल पर बेहतर पोजीशन में रहने वाली टीम को फायदा होता है. मौजूदा पॉइंट्स टेबल पर सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे पायदान पर है. वहीं, राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर है. ऐसे में अगर बारिश के कारण हैदराबाद और राजस्थान के बीच होने वाला एलिमिनेटर मैच रद्द हो जाता है, तो इसका सीधा फायदा सनराइजर्स हैदराबाद को मिलेगा और वह क्वालीफायर 2 में पहुंच जाएगी.

यह भी पढ़ें: GT vs RCB Qualifier 1: ऐन वक्त पर किस्मत ने दिया साई सुदर्शन को धोखा! चौका जड़ने के बाद हुए हिट विकेट

नहीं रखा गया रिजर्व डे

बता दें, प्लेऑफ मुकाबलों के लिए फाइनल को छोड़ कर किसी भी मैच के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है. अगर बारिश के कारण क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर या क्वालीफायर-2 के मुकाबले रद्द होते हैं, तो यह मैच अगले दिन नहीं होंगे. मैच ऑफिशियल उसी दिन कम से कम पांच-पांच ओवर का मैच करवाने की कोशिश करते हैं. जिसके लिए 120 मिनट का अतिरिक्त समय रखा जाता है.

किसे होगा फायदा?

नियम के मुताबिक अगर अतिरिक्त समय जोड़े जाने के बाद भी पांच-पांच ओवर का खेल नहीं हो पाता है, तो मैच रद्द हो जाता है. ऐसी स्थिति में उस टीम को फायदा मिलता है, जो पॉइंट्स टेबल पर बेहतर पोजीशन में है. पॉइंट्स टेबल में हैदराबाद की टीम 14 में से 9 मैच जीतकर 18 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है. ऐसे में मैच रद्द होने पर उसे फायदा मिलेगा और वह क्वालीफायर 2 में पहुंच जाएगी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक न्यू चंडीगढ़ का मौसम आज बिल्कुल साफ है और यहां बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है.

ज़रूर पढ़ें