CM Helpline: छत्तीसगढ़ में 9 जून से शुरु होगा सीएम हेल्पलाइन 1076, अब एक कॉल पर कर सकेंगे शिकायत
सीएम विष्णु देव साय
CG News: छत्तीसगढ़ की जनता के लिए जरूरी खबर है. जहां 9 जून से छत्तीसगढ़ में CM हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरु होने जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस हेल्पलाइन नंबर का शुभारंभ करेंगे. वहीं प्रदेश के लोग टोल फ्री कॉल, पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप के जरिए शिकायत कर सकेंगे.
इसमें राज्य का कोई भी व्यक्ति कॉल कर आपनी समस्या बताकर शिकायत कर सकता है. वहीं तय समय में अफसरों को शिकायत का निराकरण करना होगा. जो 24 घंटे चालू रहेगा.
सीएम हेल्पलाइन में एक कॉल पर कर सकेंगे शिकायत
राज्य शासन के अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. लंबे समय से नागरिकों को विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे. कई बार शिकायतों के निपटारे में देरी होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था. नई हेल्पलाइन व्यवस्था का उद्देश्य इसी प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाना है.
अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
हेल्पलाइन के संचालन को लेकर मंत्रालय स्थित महानदी भवन में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों ने भाग लिया. अधिकारियों को शिकायतों के पंजीकरण, निगरानी और समाधान की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया. साथ ही तकनीकी प्लेटफॉर्म के संचालन और जवाबदेही से जुड़े पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई.
समाधान के बाद लिया जाएगा फिडबैक
नई प्रणाली की एक और महत्वपूर्ण विशेषता शिकायतकर्ता का फीडबैक है. शिकायत के निराकरण के बाद संबंधित व्यक्ति से प्रतिक्रिया ली जाएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि शिकायत का समाधान वास्तव में हुआ है या नहीं. यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो मामले की पुनः समीक्षा की जा सकेगी.