सीएम योगी के कुशीनगर दौरे की क्यों हो रही इतनी चर्चा? क्या चुनाव 2027 का बज गया बिगुल
सीएम योगी
UP Politics:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हालिया कुशीनगर दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रम भर नहीं माना जा रहा है. बल्कि इसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है. अपने दौरे के दौरान उन्होंने एक तरफ जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, तो दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था और विपक्ष को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई.
सीएम योगी ने जनसभा में कहा कि उनकी सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त नीति पर काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि पहले अपराधियों का दबदबा था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है. इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास और सुरक्षा दोनों को प्राथमिकता दी जा रही है.
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कुशीनगर के लिए कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थापित हो रहा कृषि विश्वविद्यालय किसानों की आय बढ़ाने, नई तकनीक पहुंचाने और खेती को आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
फाजिलनगर का बदला जाएगा नाम
सीएम योगी ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव सामने रखा. सरकार का कहना है कि यह फैसला भगवान महावीर से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया जा रहा है.
क्या कहते हैं राजनीतिक जानकार
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्वांचल भाजपा के लिए हमेशा से महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है. कुशीनगर में मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास कार्यों के साथ-साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए माहौल बनाने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है. प्रदेश में चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन भाजपा और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.
कुशीनगर में हुई यह जनसभा इसलिए भी खास रही क्योंकि इसमें विकास परियोजनाओं, किसानों, युवाओं, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान जैसे मुद्दों को एक साथ सामने रखा गया है. इससे साफ संकेत मिलता है कि भाजपा आने वाले चुनावों में इन्हीं मुद्दों को अपनी प्रमुख ताकत बनाकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है.
ये भी पढ़ें:‘आजमगढ़ से पकड़े जाते हैं आतंकी…’, ओम प्रकाश राजभर ने इस बयान के जरिए किस पर साधा निशाना