‘भाजपा को हराने के लिए सभी हों एकजुट’, मायावती की जमकर की तारीफ… UP कांग्रेस प्रभारी के बयान से हलचल तेज

UP Politics: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बनने के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने शनिवार को कहा, संविधान की रक्षा के लिए भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एकजुट होकर आईएनडीआईए गठबंधन का हिस्सा बनना चाहिए.
UP Congress In-charge Rajendra Pal Gautam

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम

Uttar Pradesh Politics: उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने हाल ही में अपने नए प्रभारी की नियुक्ति की है. राजेंद्र पाल गौतम यूपी के नए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बनाए गए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए संविधान पर भरोसा रखने वाले बहुजन समाज पार्टी सहित सभी दलों को एकजुट होना होगा. इस दौरान उन्होंने मायावती की जमकर तारीफ की. उनके इस बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है. पढ़ें यूपी कांग्रेस के नए प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने क्या कहा?

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बनने के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने शनिवार को कहा, संविधान की रक्षा के लिए भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एकजुट होकर आईएनडीआईए गठबंधन का हिस्सा बनना चाहिए. तभी भाजपा को सत्ता से किया जा सकता है. अब समय आ गया है कि उत्तर प्रदेश में न्याय, विकास, समान अवसर और संविधान के मूल्यों पर आधारित नई राजनीति की शुरुआत हो.

पिछले महीने भी मायावती से मुलाकात करने पहुंचे थे प्रभारी

बता दें, पिछले महीने 19 मई को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जिसमें राजेंद्र पाल गौतम व बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया समेत कई नेता एकत्रित हुए थे. कार्यक्रम के बाद राजेंद्र पाल गौतम सांसद के साथ मायावती से मुलाकात के लिए उनके आवास पर गए थे. उस दिन मायावती से इनकी मुलाकात नहीं हो सकी थी. लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई थी. लोग बसपा में शामिल होने के कयास लगाने लगे. हालांकि बाद में उन्होंने इस मामले को लेकर सफाई भी दी थी, जिसमें कहा मायावती से वह संविधान की रक्षा के मुद्दे पर बातचीत के लिए गए थे.

ये भी पढ़ेंः ‘अयोध्या के पटवारी’ चंपत राय का संघ में कैसे बढ़ा कद? अब राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में उठे कई सवाल

दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके राजेंद्र पाल

राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं. उनको कांग्रेस के अविनाश पांडे की जगह जिम्मेदारी सौंपी गई है. राजेंद्र पाल दलित समाज के बड़े नेता हैं. कांग्रेस प्रभारी बनाने के पीछे यूपी में दलित और पिछड़े वर्ग के वोटरों को अपने पाले में करने की एक बेहद सोची-समझी मास्टरस्ट्रोक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.

ज़रूर पढ़ें