MP News: आधार केंद्र जांच में दोहरा मापदंड? लोक सेवा केंद्र की मशीन जब्त, WCD की मशीन पर उठे सवाल
आधार केंद्र
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: आधार केंद्रों पर अवैध वसूली और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद मुरैना से पहुंची जांच टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच के दौरान एक लोक सेवा केंद्र की आधार मशीन को जब्त कर लिया गया, जबकि पुराने अस्पताल परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD) के नाम से संचालित आधार मशीन को बिना जब्ती के छोड़ दिया गया. इसे लेकर स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं के बीच सवाल उठने लगे हैं.
निरीक्षण के लिए पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, नगर में आधार सेवाओं के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतों के बाद जांच टीम ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया. टीम में शामिल डीजीएम मनीष शर्मा ने बताया कि शिकायतों की जांच जारी है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
WCD मशीन बनी विवाद का कारण
विवाद का केंद्र पुराने अस्पताल परिसर में संचालित WCD की आधार मशीन बन गई है. आरोप है कि यह मशीन जिस स्थान के लिए स्वीकृत की गई थी, उससे अलग लोकेशन पर संचालित की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अन्य केंद्रों पर कार्रवाई की गई है तो इस मशीन के संचालन की वैधता, दस्तावेजों और लोकेशन की भी समान रूप से जांच होनी चाहिए.
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पूरे जिले में आधार मशीनों की निगरानी करने वाले अधिकारियों के अधीन संचालित इस मशीन को जांच के दौरान जब्त क्यों नहीं किया गया. लोगों का कहना है कि यदि मशीन गलत स्थान पर संचालित पाई जाती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होना चाहिए.
संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
इधर, सबलगढ़ तहसीलदार सीताराम वर्मा ने आधार केंद्रों का औचक निरीक्षण करने की बात कही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में यदि किसी प्रकार की अनियमितता, अवैध वसूली या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल नगरवासियों की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं. लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जांच निष्पक्ष होगी और नियमों के उल्लंघन के दोषी पाए जाने वालों पर समान रूप से कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- Mauganj News: मऊगंज में दिनदहाड़े दो युवकों का अपहरण, आधा दर्जन बदमाशों ने बेरहमी से पीटा, कार्रवाई को भटक रहे पीड़ित