मऊगंज: रात के अंधेरे में खनिज माफियाओं पर टूटा प्रशासन का कहर, 4 ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त

मऊगंज जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है.
Mauganj News

4 ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त

मऊगंज जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है. नगर परिषद नईगढ़ी के वार्ड क्रमांक-8 स्थित शासकीय सिगदार तालाब में रात के अंधेरे में चल रहे अवैध मुरुम उत्खनन का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं. इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत तालाब बना अवैध खनन का अड्डा

जानकारी के अनुसार सिगदार तालाब के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण के लिए शासन द्वारा लगभग 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. विकास कार्यों के लिए चिन्हित इसी शासकीय तालाब को खनिज माफियाओं ने अवैध कमाई का जरिया बना लिया था. रविवार और सोमवार की दरमियानी रात जेसीबी मशीन और कई ट्रैक्टरों की मदद से बड़े पैमाने पर मुरुम का अवैध उत्खनन किया जा रहा था.

नगर परिषद की सूचना पर हरकत में आया प्रशासन

अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर नगर परिषद नईगढ़ी की टीम मौके पर पहुंची और कार्य रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन उत्खनन में लगे लोगों ने कर्मचारियों की बात को नजरअंदाज कर काम जारी रखा. इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने तत्काल एसडीएम नईगढ़ी एपी द्विवेदी को पूरे मामले से अवगत कराया.

एसडीएम के निर्देश पर पुलिस की देर रात छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए. निर्देश मिलते ही नईगढ़ी थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देर रात घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की. पुलिस ने अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया.

खनिज विभाग को सौंपी जाएगी कार्रवाई

मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा ने बताया कि शासकीय तालाब में बिना अनुमति के अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जिस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है. वहीं थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पूरा मामला खनिज विभाग को सौंपा जाएगा.

कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप, लोगों ने किया स्वागत

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन से अवैध उत्खनन और खनिज तस्करी पर लगातार सख्ती बनाए रखने की मांग की है. कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.

ये भी पढे़ं: मीनाक्षी-महेश के बीच टक्‍कर! कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर, नंबर गेम बनेगा मुसीबत? क्‍या कहते हैं समीकरण

ज़रूर पढ़ें