Indore: जल व्यवस्था पर सियासत तेज, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दी जीतू पटवारी को दी बहस की चुनौती, कहा – तथ्य के साथ आएं
महापौर पुष्यमित्र भार्गव
Indore News: इंदौर शहर की जल व्यवस्था को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बीजलपुर में 30 एमएलडी जीएसआर परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को खुली बहस की चुनौती दी.
पानी के मुद्दे पर बहस की चुनौती
महापौर ने कहा कि पानी की सप्लाई, गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था और नर्मदा जल प्रबंधन जैसे मुद्दों पर तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की जल व्यवस्था को लेकर गलत जानकारी देकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. महापौर ने कहा कि यदि जीतू पटवारी के पास कोई तथ्य हैं तो वे सार्वजनिक मंच पर इस विषय पर खुली बहस करने के लिए तैयार हैं.
जल व्यवस्था मजबूत करने का दावा
महापौर ने कहा कि नगर निगम इंदौर शहर की जल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि बीजलपुर में 30 एमएलडी जीएसआर परियोजना के माध्यम से जल भंडारण क्षमता बढ़ाई जा रही है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता और वितरण में सुधार होगा. इसके अलावा नई पाइपलाइनें बिछाई जा रही हैं, पुरानी और क्षतिग्रस्त लाइनों का नवीनीकरण किया जा रहा है तथा लीकेज रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
तकनीकी सुधार के साथ माॅनिटरिंग व्यवस्था को किया मजबूत
महापौर के अनुसार सप्लाई सिस्टम में तकनीकी सुधार करते हुए मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत किया गया है, जिससे पानी का दबाव बेहतर हुआ है और उपभोक्ताओं तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.
महापौर ने पिछले कुछ वर्षों में जल वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है. बढ़ती आबादी के बावजूद लोगों तक बेहतर तरीके से पानी पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बीजलपुर में शुरू की गई 30 एमएलडी जीएसआर परियोजना भी शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद करेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता विकास और काम की राजनीति को समझती है.
ये भी पढे़ं- इंदौर में पानी की गुणवत्ता को लेकर सियासत तेज, महापौर ने नल का पानी पीकर कांग्रेस के आरोपों को दी चुनौती