MP News: ’18 जून को बताऊंगा, वोट किसको दिया’, लापता होने की खबर के बीच BAAP विधायक कमलेश्वर डोडियार का बयान
BAAP विधायक कमलेश्वर डोडियार(File Photo)
MLA Kamleshwar Dodiyar: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में तीसरी सीट पर भी भाजपा ने अपना प्रत्याशी उतार दिया है. लेकिन तीसरी सीट पर जीत के लिए भाजपा के 10 विधायक कम हैं. ऐसे में क्रॉस वोटिंग की संभावना के साथ ही अन्य पार्टियों के विधायक के अहमियत भी बढ़ गई है. इस बीच भारत आदिवासी पार्टी के एकमात्र विधायक कमलेश्वर डोडियार को लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म है. वोटिंग से पहले ही डोडियार का फोन बंद हो गया है. लापता होने की खबर के बीच BAAP विधायक ने फेसबुक पर पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि 18 जून को ही बताऊंगा कि मैंने वोट किसको दिया.
‘मुझे सुझाव देने वाले पहले खुद वार्ड पार्षद बनकर दिखाएं’
सोमवार शाम से लापता होने की खबर के बीच बाप विधायक कमलेश्वर डोडियार ने फेसबुक पर पोस्ट की है. इस दौरान उन्होंने लिखा, ‘मेन स्ट्रीम मीडिया को सूचित करता हूं कि राज्यसभा चुनाव के बारे में 18 जून को ही बताऊंगा कि मैंने वोट किसको दिया? और हां दलालों के सवालों का जवाब नहीं दूंगा. हमें सुझाव देने वाले दल्लों को पहले पंच या पार्षद बनना चाहिए.’
दोनों मोबाइल नंबर बंद है
राज्यसभा चुनाव से पहले कमलेश्वर डोडियार सोमवार को अचानक गायब हो गए. शाम से लेकर कुछ घंटे तक संपर्क से बाहर रहे. उनके दोनों मोबाइल नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं. विधायक के समर्थक और अन्य पार्टियों के नेता उनकी खोज खबर में जुटे हैं.
राज्यसभा चुनाव की गहमागहमी में भारत आदिवासी पार्टी विधायक कमलेश्वर डोडियार को दोनों दलों से तवज्जो मिल रही है. लेकिन वह सोमवार से अचानक गायब हो गए. बता दें भाजपा के पास कुल 164 विधायक हैं. जबकि तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है. एक सीट पर जीत के लिए 58 विधायकों की जरूरत हैं. ऐसे में दो सीटों पर तो भाजपा की जीत तय है. लेकिन तीसरी सीट पर जीत के लिए उसके पास 10 विधायक कम पड रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंगा का डर सता रहा है.
ये भी पढे़ं: विधायकों को लेकर बेंगलुरू जाने वाला विमान एयरपोर्ट पर एक घंटे खड़ा रहा, कांग्रेस बोली- जानबूझकर रोकने की कोशिश की