US-Iran War: अपाचे हेलीकॉप्टर क्रैश के बाद अमेरिका का बड़ा हमला, बंदर अब्बास से लेकर केशम द्वीप तक धुआं-धुआं
अमेरिका ने ईरान पर किया हमला
US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर जंग शुरू हो गई है. दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है. अमेरिका ने दावा किया कि ईरान ने उसके दो अपाचे हेलीकॉप्टरों को मार गिराया है, जिसके जवाब में ईरान के कई ठिकानों पर जवाबी हमले किए गए. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हमला किया है. होर्मुज वह रास्ता है, जहां से दुनियाभर के कच्चे तेल की सप्लाई होती है. अमेरिका-ईरान जंग के बाद ईरान ने होर्मुज को बंद रखने का फैसला किया था. जानें अमेरिका ने हमले के बाद क्या कहा?
ईरान पर जवाबी हमले के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड के निर्देशों पर की गई है. ईरान ने हमारे दो अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया है, जिसके जवाब में यह हमला किया गया. अमेरिका वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने सटीक हथियारों का इस्तेमाल करते हुए ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और निगरानी रडार ठिकानों को निशाना बनाया.
ईरान पर ‘आत्मरक्षा’ में की गई कार्रवाईः अमेरिका
ईरानी मीडिया के मुताबिक, केशम द्वीप, सीरिक, जास्क और बंदर अब्बास के कई ठिकानों पर जोरदार हमला हुआ. कई धमाकों की आवाज सुनी गई. एक प्रोजेक्टाइल भी गिरने की पुष्टि हुई है. वहीं अमेरिका का कहना है कि ईरान में यह कार्रवाई ‘आत्मरक्षा’ में की गई है.
पीछे हटने को तैयार नहीं
ईरान ने इस हमले को अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है. IRGC के मुताबिक, इस हमले में सीरिक में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर को भी नुकसान पहुंचा है. इसके साथही दो पानी के टैंक भी नष्ट हो गए हैं. IRGC ने स्पष्ट किया कि अगर अमेरिका की आक्रामकता जारी रहेगी, तो इसका जवाब बड़े स्तर पर दिया जाएगा. फिलहाल, जंग के बाद एक बार फिर वैश्विक तनाव देखने को मिलने लगा है. अमेरिका और ईरान दोनों देश फिलहाल पीछे हटने के मूड में नहीं दिखाई दे रहे हैं.