न्यूजीलैंड क्रिकेट में एक युग का हुआ अंत, दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने किया संन्यास का ऐलान
केन विलियमसन
New Zealand Cricket Legend Retires: न्यूजीलैंड क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 35 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. विलियमसन ने अपने 16 साल लंबे क्रिकेट करियर पर विराम लगाने का फैसला लेकर हर किसी को हैरान कर दिया है. उनके इस फैसले के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट में एक सुनहरे युग का भी अंत हो गया है.
केन विलियमसन ने किया संन्यास का ऐलान
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने शुक्रवार 12 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. करीब 16 साल तक न्यूजीलैंड क्रिकेट की पहचान रहे इस दिग्गज कीवी बल्लेबाज ने तत्काल प्रभाव से संन्यास की घोषणा कर हर किसी को हैरान कर दिया है. विलियमसन इसी महीने न्यूजीलैंड की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच में खेलने उतरे थे. अब यह उनके करियर का आखिरी मैच बन गया है.
"It's a team I love and it's so dear to my heart"
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) June 12, 2026
Thank you for the memories, Kane 🖤🤍 pic.twitter.com/u1qBOMEfzy
बनाए न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन
35 वर्षीय दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने अपने इंटरनेशनल करियर का समापन न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में किया है. कीवी टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने 378 इंटरनेशनल मैचों में 19,346 रन बनाए, जिसमें 48 शतक शामिल रहे. उन्होंने 10 अगस्त 2010 में भारत के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था.
केन विलियमसन इंटरनेशनल करियर
35 वर्षीय केन विलियमसन के इंटरनेशनल करियर की बात करें, तो उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 110 टेस्ट, 175 वनडे और 93 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट की 195 पारियों में उन्होंने 51.98 के स्ट्राइक रेट से 9515 रन बनाए हैं, जिसमें 58 अर्धशतक और 33 शतक शामिल हैं. वनडे की 167 पारियों में उन्होंने 81.61 के स्ट्राइक रेट से 7257 रन बनाए, जिसमें 47 अर्धशतक और 15 शतक शामिल हैं. इसके अलावा टी20 की 90 पारियों में विलियमसन ने 122.98 के स्ट्राइक रेट से 2575 रन बनाए, जिसमें 18 अर्धशतक शामिल रहे.