शहर में किराए का घर ढूंढना हुआ आसान, सरकार दे रही सस्ते आवास की सुविधा, जानें कैसे उठाएं लाभ
सरकार दे रही है किराए से सस्ता मकान
Government Low-Cost Housing: आज के समय में बड़े शहरों में अपनी जरूरत और बजट के अनुसार किराए का घर मिलना आसान नहीं है. नौकरी, पढ़ाई या रोजगार के लिए दूसरे शहर जाने वाले लोगों को अक्सर महंगे किराए का सामना करना पड़ता है. कई बार लोगों को छोटे कमरों के लिए भी ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं, जबकि कुछ लोग मजबूरी में कम सुविधाओं वाले मकानों में रहते हैं. ऐसे लोगों की मदद के लिए सरकार ने एक खास योजना शुरू की है, जिससे सस्ते किराए पर घर मिल सकते हैं.
क्या है ARHC योजना?
- ARHC (अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग कॉम्प्लेक्स) केंद्र सरकार की एक आवास योजना है.
- इसका उद्देश्य शहरों में रहने वाले गरीब और कम आय वाले लोगों को कम किराए पर रहने के लिए बेहतर घर उपलब्ध कराना है.
- इस योजना के जरिए जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास देने की कोशिश की जाती है.
कब शुरू हुई थी यह योजना?
केंद्र सरकार ने इस योजना की शुरुआत जुलाई 2020 में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत की थी. कोरोना महामारी के दौरान लाखों मजदूरों को शहर छोड़कर अपने गांव लौटना पड़ा था. उस समय सरकार ने महसूस किया कि शहरों में काम करने वाले लोगों के लिए सस्ते किराए के घरों की कमी है. इसी जरूरत को पूरा करने के लिए ARHC योजना शुरू की गई.
किन लोगों को मिलेगा लाभ?
- इस योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लोगों को दिया जाता है.
- इसमें दिहाड़ी मजदूर, रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक, फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी, छात्र और रोजगार की तलाश में शहरों में रहने वाले लोग शामिल हैं.
- ऐसे लोग कम किराए पर घर पाने के लिए इस योजना का फायदा उठा सकते हैं.
PMAY लाभार्थी भी कर सकते हैं आवेदन
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के कुछ लाभार्थी भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं. यदि कोई व्यक्ति अपने घर से दूर किसी दूसरे शहर में नौकरी या काम कर रहा है और उस शहर में उसके नाम पर PMAY का घर नहीं है, तो वह ARHC योजना के लिए आवेदन कर सकता है.
ये भी पढ़ें-कोटेदार की मनमानी से हैं परेशान? यहां करें शिकायत, तुरंत होगी कार्रवाई
आवेदन कैसे करें?
- योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति ARHC की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
- वेबसाइट पर योजना से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और आवेदन की प्रोसेस उपलब्ध है.
- आवेदन करने से पहले पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर देख लें.