रायपुर: आवास मेला 2025 के लक्की ड्रॉ विजेताओं का 22 जून को होगा ऐलान, जीतने वालों को कार सहित मिलेंगे अनेकों उपहार

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने राज्य में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है.
Raipur news

आवास मेला 2025

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने राज्य में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. मंडल द्वारा अप्रैल 2025 से मार्च 2026 की अवधि में लगभग 5145 संपत्तियों का विक्रय किया गया, जिसका कुल मूल्य लगभग 1104 करोड़ रुपये से अधिक है. यह उपलब्धि मंडल के गठन से लेकर अब तक का सर्वाधिक वार्षिक विक्रय है.

विगत एक वर्ष के दौरान शासन द्वारा स्वीकृत OTS-2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिसके फलस्वरूप लगभग 1,533 संपत्तियों का विक्रय हुआ, जिसका मूल्य लगभग 232.30 करोड़ रुपये है. इस योजना से बड़ी संख्या में मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ.

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ वासियों को एक ही स्थान पर समस्त उपलब्ध मकानों, दुकानों की जानकारी एवं क्रय करने हेतु ”राज्य स्तरीय आवास मेला-2025” का आयोजन दिनांक 23 से 26 नवम्बर 2025 तक बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर, रायपुर में किया गया था, जो राज्य के आवास क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन सिद्ध हुआ. आवास मेले का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया गया. इस मेले के आयोजन हेतु आवास मंत्री ओ.पी.चौधरी द्वारा विशेष रूप से निर्देश दिया गया था. मण्डल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से चार दिवसीय मेले का सफल आयोजन किया गया.

जिसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आदिम जाती कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक किरण सिंह देव, सुनिल सोनी, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, तथा महापौर मिलन चौबे द्वारा पधार कर मेले का निरीक्षण किया गया. इस अवसर पर प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.

आवास मेले के दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा राज्य के 26 जिलों में लगभग 2,080 करोड़ रुपये लागत की 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया गया. साथ ही मेले के दौरान ही लगभग 305 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों का विक्रय किया गया, जिससे मंडल की योजनाओं के प्रति आमजन का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ.

राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के उपरांत मंडल की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में 23 नवम्बर 2025 से 31 दिसम्बर 2025 तक पंजीयन कराने वाले तथा भवन आबंटन प्राप्त हितग्राहियों के लिए विशेष लक्की ड्रॉ आयोजित किया जा रहा है.

लक्की ड्रॉ के अंतर्गत विजेताओं को मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर (फ्रिज), टेलीविजन सहित अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे.

आवास मेला-2025 तथा उसके उपरांत 31 दिसम्बर 2025 तक पंजीयन कराने वाले पात्र हितग्राहियों के लिए लक्की ड्रॉ का आयोजन 22 जून 2026 (सोमवार) को दोपहर 3:00 बजे छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय, सेक्टर-19, नवा रायपुर अटल नगर में श्री अनुराग सिंह देव अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की उपस्थिति में किया जाएगा.

लक्की ड्रॉ प्रक्रिया लॉटरी पद्धति के माध्यम से संपन्न होगी. पात्र हितग्राही इस अवसर पर उपस्थित होकर लक्की ड्रॉ की प्रक्रिया का अवलोकन कर सकते हैं.

ये भी पढ़ेंः NEET परीक्षा की धांधली को लेकर राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ शुरू किया, जीतू पटवारी बोले- छात्रों से संवाद करके जनआंदोलन करेंगे

ज़रूर पढ़ें