दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, 2 की हालत गंभीर; ट्रक और कार की हुई टक्कर
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए.
Input- देवेंद्र मौर्य
MP News: मंदसौर में दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस वे पर ट्रक और कार के टकराने से भीषण सड़क हादसा हो गया. इसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर है. टक्कर इतनी भीषण थी की कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद घायल एक घंटे के बाद गाड़ी में ही फंसे रहे. इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से सभी घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. मरने वाले सभी लोग महाराष्ट्र के औरंगाबाद के बताए जा रहे हैं.
रतलाम से राजस्थान के कोटा की तरफ जा रहे थे सभी
जानकारी अनुसार कार सवार एमपी के रतलाम से राजस्थान के कोटा की तरफ जा रहे थे. सीतामऊ थाना क्षेत्र के तीतरोद गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर कार ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला. तब तक चार लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. दो गंभीर घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से रवाना किया गया.
मृतकों में सचिन गंगाधर पिता अजय पांडुरंग, संदीप पिता नवनाथ रामराव बोरसे, राजेंद्र कोवडे पिता भावराम कोवडे और रविंद्र काले पिता भागवत काले शामिल हैं. वहीं घायलों की पहचान अब्दुल खलील पिता अब्दुल समद(30), उमर पिता इस्माइल जागीरदार(32) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक कार सवार औरंगाबाद से दिल्ली मोबाइल इक्विपमेंट का सामान लेने जा रहे थे.
सभी लोग महाराष्ट्र के औरंगाबाद के रहने वाले थे
सीतामऊ थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक और घायल महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के निवासी हैं. पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी है. परिजनों को सूचना दी जा रही है है. ट्रक चालक घटना के तुरंत बाद मोके से फरार हो गया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया.
फिलहाल सभी चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीतामऊ सरकारी अस्पताल लाया गया है. वहीं दोनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया है. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
ये भी पढे़ं: अभी नहीं बदलेगा बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी का नाम, टला फैसला