MP News: आरक्षक ने कैमरे के सामने उतारी वर्दी, तो दूसरा नग्न होकर थाने में मिला सोते, दोनों पुलिसकर्मी लाइन अटैच
लाइन अटैच पुलिसकर्मी
रिपोर्ट – शेख शकील
MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना में पदस्थ दो आरक्षकों की करतूतें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं. इनमे से एक आरक्षक अरफ़राज मिर्जा पर आरोप है कि वह कैमरे के सामने थाने के भीतर ही अपनी वर्दी उतार कर वीडियो रील बना रहा था तो वहीं उसके कुछ आपत्तिजनक अवस्था के फोटो भी वायरल हो रहे हैं. वहीं इसी थाने के एक अन्य आरक्षक जयदीप का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे वह थाने में ही अपने कपड़े उतार कर नग्न अवस्था मे सोते नजर आ रहा है जिसका वीडियो उसी थाने के किसी आरक्षक के द्वारा बनाया जा रहा है.
दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद खंडवा एसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों जवानों को लाइन अटेच कर विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं. इधर आरक्षक अरफराज को लेकर हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर ज्ञापन भी सौंपा था, तो वहीं हिंदू संगठनों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने भी प्रदेश के डीजीपी और एसपी को नोटिस भेजा है.
पुलिस वर्दी में बनाए अश्लील वीडियो
खंडवा जिले के खालवा थाना में पदस्थ एक आरक्षक अरफराज मिर्जा को लेकर स्थानीय हिंदू संगठनों ने कोतवाली थाने में जमकर हंगामा किया. उनका आरोप था कि अरफराज ने पुलिस वर्दी में अश्लील वीडियो बनाये हैं. इसके साथ ही उसके कई महिलाओं के साथ कथित अश्लील वीडियो भी हैं. यही नहीं, उसके हिन्दू महिलाओं संग अश्लील फोटो और चैट भी हैं.
इस मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंचे थे, और उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरक्षक से जुड़े सबूतों का दावा करते हुए एक पेन ड्राइव भी पुलिस को देते हुए निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है. यही नहीं, शिकायतकर्ताओं ने कुछ महिलाओं को दबाव में रखने और उन्हें ब्लैकमेल किए जाने की भी आशंका जताई है.
वहीं एक अन्य मामला भी जिले के खालवा थाने से ही जुड़ा हुआ है. यहां पदस्थ एक अन्य आरक्षक जयदीप का भी एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आरक्षक जयदीप थाने के भीतर एक ब्लेक टीशर्ट पहने जमीन पर सोते नजर आ रहा है. इस दौरान उसके निचले भाग के पूरे कपड़े उतरे हुए हैं, जिसको देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नशे की हालत में थाने में ही कपड़े उतार कर सो रहा है, और इस दौरान थाने में ही पदस्थ एक जवान उसका वीडियो बना रहा है.
एसपी ने किया लाइन अटैच
दोनों ही मामलों के सामने आने के बाद खंडवा एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों ही जवानों को लाइन हाजिर कर दिया है, और वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों को दोनों की ही जांच सौंपी गई है. हालांकि आरक्षक अरफराज मिर्जा को लेकर हिंदू संगठनों ने भी थाने पर प्रदर्शन किया था. साथ ही मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. जिस पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने प्रदेश के डीजीपी और खंडवा एसपी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है.
ये भी पढे़ं- धार पुलिस को बड़ी सफलता, घर में हुई चोरी का खुलासा किया; 5 आरोपियों के साथ 40 लाख के जेवर-नकदी बरामद