MP News: भोपाल में मुरैना विधायक के बेटे से मारपीट, चार युवकों पर केस दर्ज, आरोपी के परिजन पुलिस कमिश्नर से मिले

MP News: राजधानी के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में देर रात मुरैना के विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज सिंह गुर्जर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है.
The accused also sustained injuries in the altercation

मारपीट में आरोपी को भी लगी चोट

MP News: राजधानी के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में देर रात मुरैना के विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज सिंह गुर्जर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

पैसे नहीं दिए तो की मारपीट

मुरैना के विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज सिंह गुर्जर का आरोप है कि घर के बाहर शराब पी रहे कुछ युवकों ने उनसे पैसे मांगे, उनके मना करने पर आरोपियों ने अड़ीबाजी कर उनके साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्तों ने उन्हें बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

पुलिस ने चार के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

पुलिस ने मामले में पंकज, मयंक, सोहन और विक्की के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों के शराब पीने और पैसे मांगने की बात सामने आई है.

हालांकि, आरोपियों के परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उनके बेटों के साथ भी मारपीट होती दिखाई दे रही है, लेकिन इस संबंध में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसकी शिकायत भी आरोपियों के परिजनों ने पुलिस कमिश्नर से की है, इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि मामले की जांच सीनियर ऑफिसर से कराएंगे जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विधायक रेस्‍ट हाउस की सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल

घटना के बाद विधायक रेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात यहां शराबियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं दोहराई जा रही हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है.

ये भी पढे़ं- BJP विधायक ओमप्रकाश सकलेचा को घेरा, चोर-चोर के नारे लगाए, सुरक्षाकर्मियों से हुई हाथापाई, जानें क्या है मामला

ज़रूर पढ़ें