MP News: युवा कांग्रेस की बैठक में जिला अध्‍यक्षों की नाराजगी, बोले- हम चुनाव जीतकर आए, हमें कार्यकारिणी बनाने का अधिकार नहीं दिया

MP News: जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि सभी जिला अध्यक्ष चुनाव जीतकर संगठन में पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें अपने जिले की कार्यकारिणी बनाने का अधिकार नहीं दिया जा रहा है.
mp congress

एमपी कांग्रेस मुख्यालय

MP News: भोपाल में आयोजित मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की बैठक के दौरान संगठनात्मक मुद्दों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आया. बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर हुई चर्चा के बीच कई जिला अध्यक्षों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं.

कार्यकारिणी गठन पर उठे सवाल

बैठक में मैहर के जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि सभी जिला अध्यक्ष चुनाव जीतकर संगठन में पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें अपने जिले की कार्यकारिणी बनाने का अधिकार नहीं दिया जा रहा है. उनका आरोप था कि जिला स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रदेश और दिल्ली से तय किए जाने की बात कही जा रही है. सौरभ शर्मा की इस बात का समर्थन ग्वालियर के जिला अध्यक्ष विजय यादव, जबलपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजा श्रीवास्तव समेत कई अन्य जिला अध्यक्षों ने भी किया.

जिला अध्यक्षों ने जताई नाराजगी

बैठक में मौजूद कई जिला अध्यक्षों का कहना था कि पहले जिलाध्यक्षों को अपनी टीम बनाने की स्वतंत्रता मिलती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था बदल दी गई है. उनका कहना था कि अब उनसे केवल नाम सुझाने के लिए कहा जा रहा है, जबकि अंतिम नियुक्ति भारतीय युवा कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से जारी की जाएगी.

बैठक में हुआ विवाद

बैठक के दौरान एक अन्य घटनाक्रम में दो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में बहस करने लगे. बताया जा रहा है कि संगठन की ऐप पर रिपोर्टिंग को लेकर शुरू हुई चर्चा विवाद में बदल गई. एक पदाधिकारी ने ऐप पर नियमित रिपोर्टिंग नहीं होने की बात उठाई, जिस पर दूसरे कार्यकर्ता ने ऐप की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए. देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. बाद में प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है.

बीजेपी ने साधा निशाना

बैठक में हुए विवाद पर भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी. भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बैठक में संगठनात्मक चर्चा से ज्यादा हंगामा और आपसी विवाद देखने को मिला.

उनका आरोप था कि जो पार्टी अपने संगठन के भीतर अनुशासन बनाए रखने में संघर्ष कर रही है, वह प्रदेश के युवाओं का नेतृत्व करने का दावा नहीं कर सकती. साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक खींचतान जारी है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है.

ये भी पढे़ं- सामंतवादी’ पोस्ट से भड़की कांग्रेस में कलह! सीधी में जवाहर कांग्रेस भवन में प्रभारी विनोद शर्मा से मारपीट-छीनाझपटी

ज़रूर पढ़ें