नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, पुलिस ने कई ग्रामीणों पर बलवा समेत कई धाराओं में दर्ज की FIR
ग्रामीणों पर बलवा समेत कई धाराओं में दर्ज की FIR
Police file FIR against villagers: राजधानी रायपुर के नकटी गांव में बीते दिनों अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर बवाल हुआ. इस दौरान विवाद की स्थिति भी बनी. वहीं पुलिस ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ बलवा सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए सोमवार को नकटी गांव में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी. तब वहां मौजूद ग्रामीणों और शासकीय अमले के बीच तीखी बहस और भारी विवाद हो गया था. आरोप है कि ग्रामीणों ने शासकीय कर्मचारियों पर हमला किया गया और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई.
वीडियो फुटेज आधार पर होगी आरोपियों की पहचान
इसी शिकायत के आधार पर माना थाना पुलिस ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और बलवा करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. घटनास्थल के वीडियो फुटेज, तस्वीरों और अन्य चश्मदीद साक्ष्यों के आधार पर हुड़दंग करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- CG News: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में डीएपी खाद के नाम पर जैव उर्वरक बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 लोगों पर FIR दर्ज
विधायक कॉलोनी बनाने के लिए तोड़े गए 80 मकान
बता दें कि विधायक कॉलोनी परियोजना के लिए प्रशासन ने नकटी गांव में करीब 80 मकानों को तोड़ा गया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के 32 मकान भी शामिल बताए गए हैं. कार्रवाई से पहले रविवार देर रात से ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था.