श्योपुर विधायक बाबू जंडेल का मोबाइल हैक, 60 हजार रुपये मांगने वाले के भेजे गए मैसेज, शिकायत दर्ज

Sheopur News: विधायक बाबू जंडेल ने बताया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति से पैसे नहीं मांगे हैं. उनके मोबाइल नंबर से जो भी मैसेज भेजे गए हैं, वे पूरी तरह फर्जी हैं. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को धोखा देने के लिए इस तरह के नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है.
Sheopur MLA Babu Jandel mobile hacked messages sent demanding 60000 rupees

विधायक बाबू जंडेल का मोबाइल हैक

Sheopur News: (हेमकुमार तिवारी की रिपोर्ट) श्योपुर विधायक बाबू जंडेल का मोबाइल हैक होने का मामला सामने आया है. हैकर्स ने उनके मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करते हुए कई परिचितों और समर्थकों को 60 हजार रुपये की आर्थिक मदद मांगने वाले मैसेज भेज दिए. जैसे ही यह जानकारी विधायक और उनके समर्थकों तक पहुंची, हड़कंप मच गया. कई लोगों ने मैसेज की पुष्टि करने के लिए विधायक से संपर्क किया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो गया है और उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है.

विधायक ने कहा – पैसे मांगने के मैसेज फर्जी

विधायक बाबू जंडेल ने बताया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति से पैसे नहीं मांगे हैं. उनके मोबाइल नंबर से जो भी मैसेज भेजे गए हैं, वे पूरी तरह फर्जी हैं. उन्होंने आम लोगों, समर्थकों और परिचितों से अपील की है कि यदि उनके नंबर से किसी भी प्रकार की रुपये मांगने की कॉल या मैसेज प्राप्त हो तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें और किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को धोखा देने के लिए इस तरह के नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है.

मामले की शिकायत पुलिस से की

विधायक ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस को सौंप दी है. उनका कहना है कि मोबाइल हैक होने और फर्जी मैसेज भेजे जाने की जानकारी पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस साइबर तकनीकी टीम की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल नंबर किस तरह हैक हुआ और फर्जी संदेश भेजने के पीछे कौन लोग शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: श्योपुर में शिक्षकों ने ई-अटेंडेंस का किया विरोध, बोले- सुविधा और सुरक्षा दें, तभी लागू होगी व्यवस्था

पुलिस ने की लोगों से अपील

इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. आए दिन मोबाइल हैकिंग, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के नाम से रुपये मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर उसकी पुष्टि करें. बिना पुष्टि किए किसी भी खाते में पैसे जमा न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें.

ज़रूर पढ़ें